माधौगढ़। कोतवाली माधौगढ़ में इंस्पेक्टर विनोद मिश्रा की अध्यक्षता में व्यापारियों, खासकर सर्राफा कारोबारियों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाजार की सुरक्षा व्यवस्था के साथ व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। इंस्पेक्टर ने व्यापारियों से दुकानों पर नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगवाने और रात में दुकानों के बाहर पर्याप्त रोशनी रखने की अपील की।
बैठक में सर्राफा व्यापारियों शेखर सोनी,दिनेश सोनी व रामजी सोनी ने ग्राहकों से सोने-चांदी के पुराने आभूषण खरीदने पर पुलिस, एसओजी और एसटीएफ द्वारा पूछताछ और परेशान किए जाने का मुद्दा उठाया। व्यापारियों का कहना था कि रोज आने वाले ग्राहकों से खरीदे गए सामान के चोरी या अवैध होने की जानकारी उन्हें पहले से कैसे हो सकती है। इस पर इंस्पेक्टर ने सलाह दी कि सामान खरीदते समय ग्राहक का आधार कार्ड अवश्य लें और गांव के किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति से विक्रेता की पहचान की पुष्टि करने के बाद ही खरीदारी करें।
व्यापारियों ने ऑनलाइन लेनदेन में साइबर फ्रॉड की शिकायत पर बैंक खातों को पूरी तरह होल्ड कर दिए जाने से कारोबार प्रभावित होने की समस्या भी रखी। पुलिस ने इस मामले में सतर्कता और जागरूकता बरतने की सलाह दी। बताया कि फिलहाल इस तरह की शिकायतों में खातों को होल्ड किए जाने के संबंध में कोई निश्चित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा गलियों में अनाधिकृत रूप से वाहन खड़े किए जाने से होने वाले विवाद और सोने का काम करने वाले कारीगरों के पुलिस सत्यापन का मुद्दा भी उठा। इस पर कोतवाल ने व्यापारियों से कारीगरों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस की रात में पर्याप्त पिकेट लगाई जाती है लेकिन व्यापारियों के सहयोग से प्राइवेट चौकीदार की व्यवस्था हो जाये तो सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सकती है।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रिन्स द्विवेदी, महामंत्री अजीत गुप्ता, रामजी सोनी, शेखर सोनी, अंकित कास्तवार, गोपाल सोनी, दिनेश सोनी, सचिन सोनी, अभिषेक सोनी, सभासद ध्रुव सेंगर, हैप्पी सोनी, अनुराग सोनी, शीलू सोनी, गोविंद सिंह सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।







Leave a Reply