कोंच-उरई । कल राम नवमी को नगर में राम जवारे निकालने को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पांच सदस्यीय आयोजन समिति ने बताया है कि राष्टï्र की एकता और समृद्घि के लिये भूतेश्वर महादेव मंदिर पर बोये गये जवारे कल बुधवार को धूमधाम के साथ शोभायात्रा निकाल कर तहसील के समीप स्थित भारत माता मंदिर पर विसर्जित किये जायेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन के लिये ग्यारह सदस्यीय संरक्षक मंडल भी बनाया गया है जिसमें कई अल्पसंख्यक गणमान्य नागरिक भी शामिल किये गये हैं।
हिंदुओं के प्रमुख पर्व राम नवमी के मौके पर राम जवारे निकाले जाने की योजना पर पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही हैं। दरअसल गत बर्ष भी राम नवमी के अवसर पर कतिपय हिंदूवादियों ने यहां जुलूस निकालने की योजना बनाई थी लेकिन सपा शासन होने की बजह से प्रशासन ने इसे निकलने नहीं दिया था। अब जब कि यूपी की सत्ता योगी के हाथों में है तो हिंदूवादी संगठन काफी उत्साहित हैं और प्रशासन के समक्ष किसी प्रकार का धर्मसंकट न खड़ा होने पाये इसके लिये इन संगठनों ने गत बुधवार को चंदकुआ स्थित भूतेश्वर मंदिर पर राम जवारे बोये थे जिन्हें कल विशाल शोभायात्रा के साथ निकालने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को आशुतोष रावत के आवास पर आयोजन समिति के सदस्यों सुशील दूरवार मिरकू महाराज, आशुतोष रावत, रामराजा निरंजन, मुकेश कौशल, आकाश बुधौलिया ने सामूहिक रूप से पत्रकार वार्ता करके बताया है कि कल 5 अप्रैल को मध्यान्ह ठीक 12 बजे भगवान राम के प्राकट्योत्सव के बाद आरती उतारी जायेगी और भूतेश्वर मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ कर नई स्टेट बैंक, लवली चौराहा, जगतनारायण जरा बालों के तिराहे से होकर नईबस्ती और रामगंज होकर बढती हुई शोभायात्रा पुन: चंदकुआ होकर तहसील के पास स्थित भारत माता मंदिर पहुंचेगी जहां जवारों के विसर्जन के साथ ही इसका समापन हो जायेगा। मिरकू महाराज ने बताया है कि कोंच के सांम्प्रदायिक सद्भाव की मिसाल दी जाती है, उनके संरक्षक मंडल में भी आपसी भाईचारे की झलक साफ देखने को मिलेगी। इस संरक्षक मंडल में रमेश तिवारी, पुरुषोत्तमदास रिछारिया, अंजनी श्रीवास्तव, ओमप्रकाश उदैनिया, शाह आसिफ अली, शहर काजी बशीर उद्दीन, अजय रावत, संजय सोनी, विनोदसिंह गुर्जर, अमित यादव तथा इस्लाम मंसूरी शामिल हैं। इस दौरान अनुरुद्घ खरे, प्रदीप राठौर, दौलत यादव, आयुष पाठक आदि मौजूद रहे।

Leave a comment