उरई। आटा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की। बाइक चोर गिरोह को क्रेकडाउन करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने चोरी की 10 मोटर साइकिलें इनके पास से बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगोई ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि गत् दिवस आटा में इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के पास थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीन संदिग्ध बाइक सवारों को घेरने का प्रयास किया। इस दौरान उनमें से एक बाइक छोड़कर पैदल भाग निकला। जबकि दो अन्य लोग पकड़ लिये गये।
पूंछतांछ में पता चला कि इनके पास से मिली तीनों मोटर साइकिलें चोरी की हैं। इनकी निशानदेही पर बाद में थाना कदौरा के मवई अहीर गांव में पुलिस ने प्रहलाद यादव के अहाते से 7 और चोरी की मोटर साइकिलें बरामद की।
इस सिलसिले में मवई अहीर के प्रहलाद और रामरूप यादव तथा कदौरा कस्बे के मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी लईक को पुलिस ने चोरी व अन्य धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है। इनके भागे साथी का नाम आशू खांन बताया गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने गुडवर्क के लिए आटा पुलिस टीम को पारितोषक देने की घोषणा की।

Leave a comment