0 पच्चीस फरियादों में निस्तारण एक का भी नहीं
कोंच-उरई। मंगलवार को तहसील सभागार में निपटे तहसील दिवस में कुल 25 फरियादें आईं, इनमें से किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। एसडीएम मोईन उल इस्लाम ने उन विभागों के अधिकारियों को जम कर लंबा किया जिनकी पिछली समस्याओं का निस्तारण लंबित पड़ा है। उन्होंने साफ किया कि अधिकतम एक सप्ताह में समस्याओं का समाधान किये जाने के विपरीत कई विभागों की लचर कार्यशैली के चलते अभी तक पिछले तहसील दिवसों की समस्यायें ही नहीं निपट सकी हैं, ऐसे अधिकारियों के बाबत शासन को लिखा जायेगा। उन्होंने बताया कि पिछले तहसील दिवसों की कुल 12 शिकायतें लंबित पड़ी हैं जिनमें बीएसए उरई, विद्युत विभाग ग्रामीण उरई, आबकारी उरई, डीआरडीए उरई, डीआईओएस उरई, एसएचओ कोंच, थाना कैलिया, कैलिया राजस्व की एक-एक शिकायतें, डीएफओ उरई की 2, नगर पालिका कोंच की 3 शिकायतें शामिल हैं।
एसडीएम मोईन उल इस्लाम की अध्यक्षता एवं सीओ नवीनकुमार नायक, तहसीलदार भूपाल सिंह की मौजूदगी में तहसील दिवस का आयोजन तहसील सभागार में किया गया। इस दौरान कस्बे के लाजपत नगर निवासी विनोद सोनी ने प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है कि बिना बिजली कनेक्शन के ही विभाग ने उनका बिजली बिल भेज दिया है। ग्राम पचीपुरा खुर्द की रागिनी पत्नी बृषभान ने शिकायत की है कि ग्राम प्रधान और अधिकारी ने आवास के गलत सार्वे किये हैं जिसमें पैसा लेकर पक्के मकानों बाले लोगों को शामिल कर लिया गया जबकि कच्चे मकान बाले छूट गये हैं। शंभू पुत्र रुद्रप्रताप सिंह निवासी नया गांधीनगर मुंसिफी के सामने ने शिकायत की है कि आवारा मवेशियों के कारण उनके बच्चे बाहर नहीं खेल पाते हैं। ग्राम कुदारी निवासी रामशरण व संतराम आदि ने गांव में सफाईकर्मी नहीं आने के कारण गंदगी की शिकायत की है। साहबसिंह निवासी सुनायां ने मनरेगा के तहत तालाब खुदाई व बंधी डालने की मजदूरी नहीं मिलने की शिकायत की। शासन के लाईसेंस धारक मिट्टी तेल के फुटकर विक्रेताओं भवानीप्रसाद गुप्ता, गोविंदसिंह राठौर, रामविहारी पाठक, राजकुमार राही सहित दो दर्जन लोगों ने ज्ञापन देकर सरकार द्वारा एपीएल कार्ड धारकों को मिट्टी का तेल वितरण बंद किये जाने के कारण उनके सामने रोजगार की समस्या उत्पन्न होने की शिकायत की। इस दौरान एसडीओ विद्युत कौशलेन्द्र सिंह, कोंच कोतवाली से एसआई घनश्यामसिंह, थाना नदीगांव से वीडी बुंदेला, कैलिया से सुधीशकुमार, एट से वीरेन्द्रसिंह, वन क्षेत्राधिकारी वीके सिंह, जलसंस्थान से जेई एसके गुप्ता, जेई जल निगम संजयसिंह, नपं नदीगांव से शिवकुमार पांडे, बीईओ कोंच अजितकुमार, नदीगांव विजय बहादुर सचान, मंडी सचिव डॉ. दिलीपकुमार वर्मा, नगर पालिका से अभयसिंह आदि मौजूद रहे।
गांवों में न खोली जायें शराब की दुकानें
गांव-गांव खुलने को बेताब शराब की दुकानों को लेकर गुलाबी गिरोह खासा मुखर हो उठा है। गिरोह की शीर्ष कमांडर अंजू शर्मा ने पुरुषार्थ महिला सेवा संस्थान के बैनर तले तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि आबकारी विभाग द्वारा नई दुकानों का आवंटन किया गया है जिसके चलते पडरी, पीपरी चैराहा, दिरावटी, कुदारी आदि गांवों में नई दुकानें खोलने की योजना है जबकि समूचे प्रदेश में शराब की दुकानों के खिलाफ जबर्दस्त प्रदर्शन हुये। इसके बाबजूद आबकारी विभाग महिलाओं की परीक्षा लेने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर यह स्थिति न रोकी गई तो उनका संगठन सड़कों पर उतर कर पुरजोर विरोध करेगा।







Leave a comment