कोंच-उरई । आधार बनाने में पैसा लेने बालों को एसडीएम की कड़ी फटकार क्या लगी, यह सारे केन्द्र संचालक अब ढीठपन पर उतर आये हैं। यह कह कर कि एसडीएम ने मना किया है, ये लोक वाणी केन्द्र और साइबर कैफे चलाने बाले जनता के लोगों को टरका रहे हैं और उनके काम नहीं कर रहे हैं। इस स्थिति को लेकर एसडीएम ने भी दो टूक कह दिया है कि जनता को परेशान नहीं होने दिया जायेगा, अगर ये लोग काम नहीं करेंगे तो वह एडीएम को रिपोर्ट करके इन केन्द्र संचालकों के लॉग इन पासवर्ड निरस्त करा कर नये लोगों को आवंटित करायेंगे।
कल एसडीएम ने कस्बे के लोक वाणी केन्द्रों के संचालकों की बैठक बुलाई थी। यह बैठक दरअसल उन शिकायतों को लेकर बुलाई गई थी जिसमें उन्हें बताया गया था कि आधार बनाने में ये केन्द्र संचालक जनता के लोगों से पैसा ऐंठते हैं। एसडीएम ने इन केन्द्र संचालकों को सख्त ताकीद की थी कि अगर पैसा मांगने की शिकायत आइंदा मिली तो उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। एसडीएम के हड़काने के बाद अब केन्द्र संचालक ढीठपन पर उतर आये हैं और उन्होंने जनता के आधार बनाने बंद कर दिये हैं जिससे जनता परेशान हो रही है। केन्द्र संचालक जनता को यह डटा रहे हैं कि एसडीएम ने आधार बनाने से मना कर दिया है। इस स्थिति को लेकर जब एसडीएम से बात की गई तो उन्होंने दो टूक कहा है कि उन्होंने केन्द्र संचालकों से आधार बनाने के लिये मना नहीं किया था बल्कि कहा था कि आधार बनाने का कोई शुल्क नहीं है लिहाजा आधार के नाम पर अबैध बसूली न की जाये। उन्होंने यह भी कहा कि जनता को कतई परेशान नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुये कहा कि यदि ये केन्द्र संचालक आधार नहीं बनायेंगे तो एडीएम को रिपोर्ट भेज कर इनके लॉग इन पास वर्ड निरस्त कराये जायेंगे और दूसरे लोगों को आवंटित कराये जायेंगे।

Leave a comment