
उरई । एट थाना क्षेत्र के पिंडारी गाँव में बस्ती से शराब ठेका हटाने की माँग कर रहीं महिलाओं ने उग्र प्रदर्शन कर रहीं ठेके के अंदर जमकर तोड़फोड़ की । मौके पर मौजूद पुलिस को हालात सम्हालने में पसीना छूट गया ।
2 दिन पहले भी महिलाओं ने बस्ती के बीच शराब ठेका खोलने पर एतराज जताते हुए प्रदर्शन किया था । उस समय एट थाने के एस एस आइ राम कुमार सिंह ने डी एम को ठेका हटाने की रिपोर्ट भेजने का भरोसा दिलाकर महिलाओं को शांत कर दिया था लेकिन इसके वाबजूद ठेका हटाने की कोई सुगबुगाहट नजर न आने से मंगलवार को महिलाएँ फिर भड़क गयीं ।

उन्होने केवल नारेबाजी ही नहीं की बल्कि ठेका के अंदर उन्होने घुसकर शराब की पेटियाँ बाहर फेंकना शुरू कर दी । पुलिस की मौजूदगी में तोड़फोड़ होती रही लेकिन मामला महिलाओं का होने से लाचारी में पुलिस कुछ नहीं कर पायी ।
वबाल में लगभग 10 पेटी शराब तोड़फोड़ की भेंट चढ़ गई जिससे ठेकेदार को हजारों का नुकसान झेलना पड़ा । मजे की बात यह रही कि मौके का फायदा उठाने के लिए कुछ शराबियों ने भी बहती गंगा में हाथ धोने की कोशिश की ,जब कई लोगों को क्वार्टर लूट कर भागते हुए देखा गया । बाद में पुलिस ने आश्वासन दिया कि आज के बाद इस जगह ठेका नहीं खुलने दिया जायेगा तब महिलाओं का मोर्चा शराब ठेका के सामने से हटा ।







Leave a comment