कोंच-उरई । अखिल भारतीय प्रधान संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आमोद कुमार उदैनिया प्रधान ऊंचागांव, जिला प्रवक्ता जितेंद्र पांडे प्रधान तूमरा व ब्लॉक अध्यक्ष नदीगांव शिवराज सिंह कुशवाहा प्रधान शिवनी बुजुर्ग की अगुवाई में दोनों ब्लॉकों कोंच एवं नदीगांव के ग्राम प्रधानों ने एसडीएम कोंच मोईन उल इस्लाम को ज्ञापन सौंपा।
प्रधानों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को बताने का प्रयास किया कि नदीगांव व कोंच ब्लॉक में यद्यपि हैंडपंप गांवों में स्थापित हैं लेकिन उनकी अपर्याप्त संख्या और उनमें काफी के खराब पड़े होने की दशा में ग्रामीणों को उनका सही लाभ नहीं मिल पा रहा है और कई बस्तियां हैंडपंपों के अभाव से जूझ रहीं हैं लिहाजा ऐसी भीषण गर्मी को देखते हुये समस्त ग्राम पंचायतों के रीबोर व ग्राम पंचायतों में आवश्यकतानुसार नये हैंडपंपों की स्थापना कराई जाये जिससे ग्रामीणों को पानी की किल्लत से न जूझना पड़े। उन्होंने कहा है कि संबंधित ग्राम पंचायतों का लेखपालों से सर्वे करा कर ग्रामीणों को पानी की बिभीषिका से निजात दिलाई जाये। इस दौरान महेशकुमार, अवधविहारी हिंगुटा, श्रीराम कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

Leave a comment