कोंच- उरई । क्रय केन्द्रों पर गेहूं खरीद की थम सी रही रफ्तार को तेजी पकड़ाने के प्रशासनिक अधिकारियों के प्रयास फिलहाल व्यर्थ जा रहे हैं क्योंकि अधिकांश क्रय केन्द्रों पर धन और जगह की कमी का रोना दिखाई पड़ रहा है। तहसीलदार भूपाल सिंह द्वारा किये गये ग्रामीण इलाकों के क्रय केन्द्रों पर किसानों ने जहां भुगतान नहीं किये जाने का रोना रोया तो वहीं केन्द्र संचालकों ने अपनी समस्या बताई कि उनके गोदाम भर जाने के कारण कभी भी खरीद ठप पड़ सकती है। तहसीलदार ने पिरौना, दिरावटी, पहाडग़ांव, कैलिया, जुझारपुरा, नदीगांव, तीतरा खलीलपुर में गेंहू क्रय केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अब तक खरीदे गए गेहूं का उठान न होने के कारण तौलाई कार्य प्रभावित हो रहा है और आवंटित धनराशि भी प्राय: व्यय हो चुकी है। उन्होंने कहा है कि वह अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी को भेज रहे हैं जिसमें माल के उठान और धनराशि दिये जाने के लिये कहा जा रहा है।

Leave a comment