उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र में चोरी की नीयत से रात्रि में घर में घुसे एक युवक को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने पहले चोर की जमकर पिटाई की इसके बाद उसे कोतवाली को सूचना देकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुरा में रात में अचानक उस समय शोरगुल मच गया जब कल्लू के घर में घुसे एक युवक को घर के एक व्यक्ति ने मौके पर नींद खुल जाने के कारण देख लिया। वह चिल्लाता हुआ उस पर दौड़ पड़ा। इस बीच परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गये और सभी ने घेराबंदी करके चोर को पकड़ लिया। बाद में पूरे गांव की भीड़ इकटठी हो गई और चोर की जमकर धुनाई की गई।
चोर की पहचान भेड़ निवासी उत्तम सिंह के रूप में हुई जिसकी गांव में एक घर में रिश्तेदारी है। वह दिन में अपने रिश्तेदारों के यहां आया था और रात में उनके यहां रुक गया था। लेकिन उसकी मंशा कुछ और ही थी। इसलिए रिश्तेदारों के सो जाने के बाद वह चुपके से उठा और कल्लू के घर में हाथ साफ करने के लिए दाखिल हो गया लेकिन अपनी बदकिस्मती के चलते वह कल्लू के घर घात लगाने में सफल नही हो पाया और पकड़ा गया।
बाद में ग्रामीणों ने कोतवाली में फोन कर दिया। जिससे कुछ ही देर बाद पुलिस पहुंच गई और उसे ग्रामीणों की पिटाई से बचाकर कोतवाली ले गई। आज उत्तम सिंह का चालान कर उसे जेल भेज दिया गया।

Leave a comment