0 निकाय चुनाव की मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने के अधिकारियों ने दिये निर्देश
कोंच-उरई। कोंच एवं नदीगांव निकाय क्षेत्रों में चार हजार डुप्लीकेट्स ने मतदाता सूचियों को बुरी तरह से गड़बड़ा कर रख दिया है। इस बढे हुये ईपी रेशियो के कारण माना जा रहा है कि बीएलओज ने ठीक ढंग से काम नहीं किया है जिसके चलते यह सामान्य स्तर से काफी ऊंचे पर है और इसे सामान्य स्तर पर लाने के लिये उन्हें काफी मेहनत करनी होगी। अधिकारियों ने बीएलओज को कड़े निर्देश दिये हैं कि चुनाव टलने की संभावनाओं के बीच उन्हें काम करने के लिये कुछ और समय मिल गया है जिसका सदुपयोग करते हुये वे न केवल डुप्लीकेट्स हटायें वरन सूचियों में से उन वोटर्स का विलोपन भी करें जो फोत हो गये हैं, कहीं बाहर शिफ्ट हो गये हैं या उनके परिवारों की बेटियों की शादियां हो जाने के बाद वे ससुराल चली गई हैं।
हालांकि निकाय चुनाव कई कारणों के चलते समय से कराये जाने की सभी संभावनायें राज्य निर्वाचन आयुक्त के संकेतों के बाद पूरी तरह से क्षीण हो गईं हैं लेकिन मतदाता सूचियों के जारी पुनरीक्षण में अधिकारियों का दबाव जरूर बीएलओज पर बना हुआ है कि इनमें जो भी गड़बडियां हैं उन्हें दुरुस्त कर लिया जाये। यहां शनिवार को एसडीएम मोईन उल इस्लाम और तहसीलदार भूपाल सिंह ने तहसील सभागार में बैठक लेते हुये एक बार फिर बीएलओज को कड़े निर्देश दिये हैं कि बढा हुआ ईपी रेशियो हर हाल में सामान्य स्तर पर लाया जाये। अधिकारियों ने कहा कि सामान्य स्तर 62 के सापेक्ष कोंच निकाय क्षेत्र में ईपी अनुपात 69 तथा नदीगांव में 72 है, यह स्थिति दर्शाती है कि कहीं न कहीं गड़बड़ी या बीएलओ की ढीलपोल है और उसने जनगणना के सही आंकड़े हस्तगत करने में लापरवाही की है। इसके अलावा वोट काटने में भी हीलाहवाली की गई है। दोनों निकाय क्षेत्रों में डुप्लीकेट्स की संख्या चार हजार होना बाकई आश्चर्यजनक है, इस स्थिति को समाप्त करना है। उन्होंने यह भी कहा कि नये वोटर बनने में हो सकता है कि लोगों ने कम दिलचस्पी दिखाई हो लिहाजा बीएलओ को स्वतः संज्ञान लेकर यह जानकारी करना है कि उनके बूथ में कोई मतदाता बनने से रह गया है तो खुद उसके पास जाकर उसका फॉर्म भरवायें और उसे वोटर बनायें। इस दौरान सुवरवाइजर नदीगांव इंद्रपालसिंह गुर्जर, रवीन्द्रकुमार शुक्ला, निर्भयसिंह यादव, राजेन्द्र सिंह, जितेन्द्र कुमार, सरस्वती नंदन, पर्वत, अंकितकुमार, सर्वेश, सुशील, सोमनाथ, वीरप्रताप सिंह, पंकजकुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a comment