0 चोरी के वक्त पुलिस भी वहीं मौजूद थी
0 कोबरा ने फटकारा, यूपी 100 ने पुचकारा बाइक मालिक को
कोंच-उरई। बीती रात यहां एसआरपी ग्राउंड में चल रही प्रदर्शनी देखने गये एक व्यक्ति की बाइक चोरी हो गई। हैरान करने बाली बात यह है कि चोरी की घटना के वक्त पुलिस उसी ग्राउंड में मौजूद थी। इससे भी ज्यादा हैरान करने बाली बात यह है कि जब बाइक मालिक ने वहां मौजूद कोबरा सिपाहियों को जब अपनी व्यथा बतानी चाही तो उन्होंने उसकी पीड़ा सुनने के बजाये उसे दुत्कार दिया और वहां से बिना मामले पर संज्ञान लिये भग खड़ी हुई। सूचना पर पहुंची यूपी 100 की गाड़ी के इंचार्ज ने उसे पुचकारा और उसकी व्यथा सुनी। पिछले एक पखवाड़े में प्रदर्शनी स्थल से बाइक चोरी की यह तीसरी घटना है लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी चोरी का उद्घाटन नहीं कर सकी है।
यहां एसआरपी ग्राउंड में लगभग एक पखवाड़े से प्रदर्शनी मेला जारी है जहां रोज ही हजारों की भीड़ होती है। इस भीड़ में महिलाओं और बच्चों की तादाद अच्छी खासी रहती है जिसके चलते वहां एक पुलिस शिविर भी बनाया गया है ताकि अवांछनीय हरकतों पर नजरें रखीं जा सकें। वहां चोरों और छिछोरों के भी गिरोह सक्रिय हैं जो मौका हाथ लगते ही किसी वारदात को अंजाम देने में बिल्कुल भी नहीं चूकते हैं। बीती रात कस्बे के मोहल्ला जवाहर का रहने वाला वीरेन्द्र कुमार पुत्र गनेश प्रसाद वर्मा भी अपनी बाइक संख्या यूपी 92 एम 5108 से गया था। उसने बाइक गेट के बाहर पार्क की और प्रदर्शनी देखने अंदर चला गया। बीस मिनट बाद ही वह बापिस आ गया लेकिन उसकी बाइक अपनी जगह से नदारत थी, उसने यहां वहां काफी तलाश की लेकिन बाइक नहीं मिली। जब यह घटना घटित हो रही थी तब वहां प्रदर्शनी ग्राउंड में पुलिस के अलावा कोबरा के भी सिपाही थे लेकिन बाइक चोरों ने उन्हें चुनौती देते हुये आंख के काजल की तरह बाइक पार कर दी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दे दी है लेकिन समाचार लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी।
होमगार्ड को धुना शराबी ने
एसआरपी इंटर कॉलेज ग्राउंड में चल रही प्रदर्शनी के दौरान बीती रात एक शराबी की होमगार्ड से तू-तू मैं-मैं हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की अगर मानें तो उक्त शराबी ने होमगार्ड के साथ जम कर गाली गलौच की और जब इतने से भी उसका मन नहीं भरा तो उसने हाथ भी निकाल दिये। हालांकि हाथापाई की पुष्टि उक्त होमगार्ड ने नहीं की है, अलबत्ता उसने हॉट टॉक की बात जरूर कबूली है। गौरतलब यह भी है कि पिछली साल भी वहां प्रदर्शनी के दौरान किसी मवाली टाइप के तत्व ने एक सिपाही को धुनक दिया था लेकिन पुलिस कुछ भी नहीं कर सकी थी। इस तरह की घटनाओं से निश्चित रूप से पुलिस के इकबाल में कमी आती है और अराजक तत्वों के हौसले बढते हैं।






Leave a comment