उरई। रोडवेज बस में यात्री का सामान उठाते हुए रंगे हाथ पकड़े गये आरोपी के खिलाफ कुठौंद पुलिस ने रविवार को उरई के रामनगर में हुई चोरी और कुठौंद कस्बे में एक टप्पेबाजी का खुलासा मढ़ दिया है। इस खुलासे में छेद ही छेद नजर आ रहे हैं।
नये सिरे से चालान
दो दिन पहले कुठौंद क्षेत्र से गुजर रही दिल्ली जाने वाली रोडवेज बस में देशराज पुत्र अभिलाख निवासी नवला ऊसर थाना कुरावली जिला मैनपुरी को एक यात्री का सामान उठाते हुए पकड़े जाने के बाद सांसद भानु प्रताप वर्मा के गनर ने कुठौंद पुलिस को सौंपा था। पूंछतांछ में उसने एक दिन पहले राठ में रोडवेज बस से एक महिला के जेवर चुराने सहित कई वारदातें कबूली थीं। लेकिन कुठौंद पुलिस ने आज उसका नये सिरे से चालान किया।
कौन-कौन सी वारदातें थोपीं
कुठौंद पुलिस ने दो वारदातों में उसका चालान किया है। एक वारदात 24 अपै्रल को पुष्पांजलि गेस्ट हाउस के सामने आशा संगनी रामजानकी पत्नी सुबोध कुमार निवासी ईंटों के बारे में थी। तंत्र-मंत्र का झांसा देकर उससे बाइक सवार युवक जेवर छीन ले गये थे। अगर यह वारदात देशराज ने की थी तो घटना में प्रयुक्त की गई बाइक का क्या हुआ। दूसरी वारदात 7 मई को उरई के रामनगर मोहल्ले में अरविंद कुमार के घर में हुई थी। जिसमें उनकी पत्नी का तमाम जेवर चोरी कर लिया गया था। इस चोरी की दो पायलें और कमर पेटी बरामद करने का दावा पुलिस ने किया है।
बहेलियों का गिरोह
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने इसे बहेलिया गिरोह बताया है। उन्होंने बताया कि इसके तीन और साथी वारदातों में शामिल रहे हैं। जिनके नाम है गीतम सिंह, रिंकू और गिरीश इनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने इसके पास से एक तमंचा व कई कारतूस बरामद किये हैं।

Leave a comment