महोबा। हिंदी पत्रकारिता दिवस पर प्रेस क्लब महोबा और सहयोगी संगठनों ने सोशल मीडिया और जन सरोकार विषय पर वृहद संगोष्ठी का आयोजन किया। जिसकी अध्यक्षता झांसी और जालौन टाइम्स के प्रधान संपादक केपी सिंह ने की जबकि विषय प्रवर्तन महोबा के जानेमाने वरिष्ठ पत्रकार हरीकृष्ण पोद्दार ने किया। महोबा के डीएम, एसपी के अलावा चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर विमर्श में मौलिक विचारों का योगदान किया। जिलाधिकारी अजय कुमार ंिसंह ने कहा कि समाज की रचना और निर्माण में मीडिया की भूमिका अहम है। सोशल मीडिया के आने के बाद यह भूमिका और प्रभावशाली हुई है। उन्होंने जनसरोकारों को पूरा करने की दिशा में सोशल मीडिया के इस्तेमाल से मिली मदद के अनुभवों को सदन के समक्ष सांझा किया। पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी ने कहा कि सोशल मीडिया से विचारों की मौलिकता को बढ़ावा मिला है। सोशल मीडिया ने संचार माध्यमों पर बड़े पूंजीपति घरानों के नियंत्रण को तोड़ा है। चरखारी के विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपने ओजस्वी भाषण में कहा कि समय बदल रहा है और इसके साथ ही देश और प्रदेश में व्यवस्था के बदलाव की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। सोशल मीडिया इस बदलाव की अहम संवाहक बनी हुई है। जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा अनुरागी, आॅल इण्डिया रिपोर्टस के बुंदेलखंड प्रभारी इरफान पठान आदि ने भी विचार व्यक्त किये। शाश्वत टाइम्स के संपादक मनोज दीक्षित ने कहा कि सोशल मीडिया ने लोगों की जागरूकता को बढ़ाया है उन्हें तत्काल खबर प्राप्त करने के लिए यह माध्यम सबसे कारगर प्रतीत हो रहा है जिसकी वजह से सोशल मीडिया का दायरा दिन दूनी, रात चैगुनी गति से व्यापक होता जा रहा है। इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर रिपोर्टिंग के लिए दैनिक जागरण के अभिषेक द्विवेदी, पंजाब केसरी के रितुराज राजावत व कबरई के दिलीप पांडेय को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अध्यक्षता कर रहे केपी सिंह ने कहा कि शरारती तत्वों द्वारा आये दिन फेक न्यूजें सोशल मीडिया पर वायरल करने से इसकी विश्वसनीयता संदिग्ध हुई है। मीडिया के परंपरागत माध्यम संवेदनशील मामलो में न्यूनतम आचार संहिता का निर्वाह करते थे जबकि भड़काऊ पोस्ट डालकर कुछ लोग सोशल मीडिया का इस्तेमाल दंगे फैलाने में कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन पत्रकारों ने मुख्य धारा की पत्रकारिता छोड़कर सोशल मीडिया की राह अपनाई है। उन्हें इस बारे में कुछ करना होगा। उन्होंने झांसी टाइम्स और जालौन टाइम्स का उदाहरण दिया और कहा कि अपने क्षेत्र में हमारे पोर्टल जनमानस के बीच इतने विश्वसनीय माने जाते हैं कि अगर कोई फेक न्यूज पोस्ट कर दे तो लोग तब तक विश्वास तक नही कर सकते जब तक कि वह खबर हमारे पोर्टल पर न आ जाये। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के स्तंभ इसी तरह स्थापित किये जायें जिससे अवांछनीय तत्वों की इस प्लेटफार्म से छटनी हो सके। कार्यक्रम में इसरार पठान, रुस्तम खान, इसराइल कुरैशी, महेंद्र राठौर, तारा पाटकार, आकांक्षा शुक्ला, नारायण अग्रवाल, जीवन लाल चैरसिया, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार द्विवेदी, जागेश्वर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश यादव, रमा सिंह, सुनीता प्रजापति मौजूद रहे।

Leave a comment