0 सपा का सदस्य बनने में मुस्लिमों ने दिखाई दिलचस्पी
0 भगतसिंह नगर में लगे सदस्यता कैम्प में उमड़ी भीड़
कोंच-उरई। पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी ने केन्द्र की मोदी और यूपी की योगी सरकार पर करारे प्रहार करते हुये कहा कि दोनों ही सरकारें लगभग हर मुद्दे पर विफल हैं और मूलभूत समस्याओं को लेकर परेशान जनता को भटकाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में भय का माहौल है, अपराधों का ग्राफ लगातार ऊंचाइयां छू रहा है और जातीय संघर्ष की आग एक शहर से दूसरे शहर फैलती जा रही है। उन्होंने कहा कि यूपी की अखिलेश सरकार में आम जनता खासतौर पर गरीबों की भलाई के लिये जितनी लाभकारी योजनायें संचालित की थी उनका लाभ गरीबों को मिला लेकिन अब योगी सरकार में जनता खाद्यान्न, पेंशन आदि के लिये सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही है।
प्रदेशीय आह्वान पर जारी सपा के सदस्यता अभियान में लोगों ने खासी दिलचस्पी दिखाई और तकरीबन दो सौ लोग पार्टी के सदस्य बने। भगतसिंह नगर इलाके में सदस्यता अभियान को लेकर लगाये गये शिविर में मुस्लिमों ने खासी दिलचस्पी दिखाते हुये भारी संख्या में सहभाग किया। यहां पानी की टंकी के पास सपा का सदस्यता कैम्प लगाया गया जिसकी अध्यक्षता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष चैधरी धीरेन्द्र यादव ने की जबकि बतौर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक कालपी डॉ. अरुण मेहरोत्रा, पूर्व जिला महासचिव प्रलुव्य निरंजन मंचस्थ रहे। कैम्प का उद्घाटन वरिष्ठ पार्टी नेता अब्दुल समदखां लंबरदार ने किया। सपा नगर अध्यक्ष गुफरान अहमद सिद्दीकी ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया जबकि अन्य कार्यकर्ताओं ने मंचस्थ अतिथियों को मालायें पहनाईं। पूर्व जिलाध्यक्ष चैधरी धीरेन्द्र यादव ने कहा कि निवर्तमान अखिलेश सरकार द्वारा किये गये कामों की ओर से जनता का ध्यान भटकाने में विरोधी कामयाब रहे जिसके चलते सूबे में झूठों की सरकार बन गई लेकिन अब जनता अपने फैसले पर अफसोस कर रही है क्योंकि जो ख्वाब उसे दिखाये गये थे उनमें सरकार की कतई दिलचस्पी नहीं है, किसान कर्जमाफी के नाम पर खुद को ठगा महसूस कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले निकाय चुनाव में ही जनता भाजपा को आइना दिखा देगी। उन्होंने जनता से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा सपा के सदस्य बनें क्योंकि सपा ही ऐसी पार्टी है जिसमें सबका हित सुरक्षित है। इस दौरान गुफरान अहमद सिद्दीकी, रामानंद कुशवाहा, लाल बाबा, डंपी यादव, निखिल निरंजन, जीशान राईन, मोहम्मद नाजिर, अंसार अहमद, यासीन सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

Leave a comment