उरई। ग्रीन गैंग की अध्यक्ष सुमन गोस्वामी ने मनमाने व्याज के लिए असलहों की नौंक पर सर्राफ के मकान की जबरिया रजिस्ट्री कराने की शिकायत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से करते हुए इस मामले में कड़ी कार्यवाही की मांग की।  सुमन गोस्वामी के साथ पीडि़ता इन्द्रानगर मौहल्ला निवासी बन्दना देवी पत्नी सुवोध कुमार सोनी थी। उन्होंने बताया कि उनके पति आभूषण का काम करते हैं जिन्होंने स्वर्णेश सोनी से 470000 रूपये की चांदी अपने कारोबार के लिए दो प्रतिशत व्याज पर ली थी। लेकिन एक दिन स्वर्णेश सोनी ने कहा कि वे अब तीन प्रतिशत की दर से व्याज बसूली करेंगे। इसी क्रम में 17 जून को उन्होंने अपने भाई व आठ दस अज्ञात लोगों को लेकर उनके घर चढ़ाई कर दी। उन्हें और उनके दो वर्ष के बच्चे को बंधक बनाकर अपनी रकम और व्याज के लिए मकान की लिखा पढ़ी सादे कागजों पर करवा ली। इसके बाद वे लोग फिर हथियारबंद लोगों को लेकर आये और उनके दो वर्ष के बच्चे  को जान से मारने की धमकी देकर उनके पति को रजिस्ट्री आफिस चलने को मजबूर किया। जहां उन्होंने बुद्धे सोनी के नाम से उनके मकान की रजिस्ट्री करा ली। बंदना का कहना है कि उसके घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह माफियागीरी रिकॉर्ड है जिसके सबूत वे देने को तैयार हैं। पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश जारी कर दिये है।

Leave a comment