उरई। पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगोई ने विभाग में तबादलों का क्रम जारी रखते हुए लापरवाही बरतने वाले तीन को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पत्रकार नीलू राजावत के उत्पीड़न के मामले में गोहन के थानाध्यक्ष को भी हटा दिया है और उरई की मेडीकल चौकी के प्रभारी सतीश कुमार को गोहन का नया थानाध्यक्ष तैनात किया है।  एसपी ने तबादलों की डेडलाइन आने तक विभागी फेरबदल का सिलसिला कायम रखा। कई दरोगाओं को स्थानान्तरण करने के एक ही दिन बाद उनकी तैनाती में संशोधन करने में भी उन्हें मजबूर होना पड़ा। जिससे उनकी कार्यशैली विवादों की लपेट में और ज्यादा आ गयी है।  जिन कोतवालों को उन्होंने लाइन हाजिर किया है उनके डकोर के प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार तिवारी भी शामिल हैं। कुछ ही रोज पहले जितेन्द्र कुमार तिवारी ने अपने क्षेत्र में 2 लाख से अधिक का जुआ पकड़ा था। जिसमें खुद एसपी ने उनकी जमकर पीठ थपथपाई थी। इसलिए उनको लाइन हाजिर किये जाने पर लोग अचरज में हैं।  जितेन्द्र कुमार तिवारी के अलावा कोटरा थाने के प्रभारी निरीक्षक शिवमोहन प्रसाद और नदीगांव के थानाध्यक्ष हेमन्त कुमार को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है। कोटरा का नया थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह को बनाया गया है। ध्यान रहे कि 28 जून को उन्हें थाना कोंच से हटाकर थाना कदौरा में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनाने का आदेश एसपी ने जारी किया था। लेकिन दो दिन बाद ही उन्हें कोटरा की इंचार्जी का इनाम देते हुए अपने आदेश को बदल दिया जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार गरम होना लाजिमी है।  उधर चुर्खी थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामराज को उन्होंने डकोर का थानाध्यक्ष बना दिया है। गोहन के थानाध्यक्ष रविन्द्र त्रिपाठी को इसी पद पर नदीगांव स्थानान्तरित कर दिया है।

Leave a comment