
उरई। प्रशासन जब पार्टी विशेष की चाटुकारिता करने लगे तो वह अपनी जिम्मेदारियों के प्रति कितना जावाबदेह होगा यह उसकी कार्य प्रणाली स्वयं बयां कर देती है। इसी प्रकार का एक मामला सामने है जनपद जालौन में। उरई विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता किशन सिंह ने भाजपा कार्यकताओं को खुश करने के लिए एक पत्र लिख कर अपने मातहतों को सख्त निर्देश दिये हैं। यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
देखा गया है कि सत्ता बदलते ही नौकरशाही के तेवर भी बदलने लगते हैं। लखनऊ की आबोहवा के साथ वह अपना बर्ताव करने लगते हैं। नौकर शाही के इस कार्यप्रणाली से जहां आम जनता में अविश्वास की भावना पनपती है तो वहीं, वह अपने को असुरक्षित महसूस करने लगता है। जनता हर बार किसी न किसी पर विश्वास करती है और सत्ता मिलते ही विश्वासपात्र पार्टी उसी आवाम की भावनाओं के साथ खिलवाड़ शुरू कर देती है। लोगों को इस बार पूर्ण विश्वास था कि भाजपा सही मायने में न्याय करेगी लेकिन देखने में आ रहा है कि भाजपाई भी उसी पुराने ढर्रे पर चल पड़े हैं जिस पर पिछली सरकार थी। या यू कहा जा सकता है कि चेहरे वही हैं बस मुखौटे बदले हैं।
जालौन में बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता द्वारा अपने अधिनस्थों को दिये गये दिशा निर्देश से यह साबित होता है कि भाजपाई जी हजूरी कराना पसंद करते हैं और अधिकारी उसे सिरोधार्य कर रहे हैं। जालौन जनपद में उरई विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता किशन सिंह ने उपखंड अधिकारी को सरकारी लेटर पैड पर स्पष्ट निर्देश देते हुए लिखा कि -संज्ञान में आया है कि आप के द्वारा भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति सही व्यवहार नही किया जा रहा है। अत: आप को निर्देशित किया जाता है कि भाजपा के पदाधिकारियों व कर्ताकर्ताओं से सम्मान के साथ व्यवहार करें। साथ ही चेतावनी दी जाती है कि भविष्य में दोबारा इस प्रकार की बात भाजपाइयों के साथ नहीं आनी चहिए, अन्याथा कार्रवाई की जाएगी।







Leave a comment