कोंच-उरई। प्रमुख सनातनी पर्व बुढवा मंगल और मुस्लिम पर्व बकरीद को ध्यान में रखते हुये प्रशासन चाक चैबंद है, शुक्रवार को अधिकारियों ने ईदगाह के अलावा कस्बे की विभिन्न मस्जिदों तथा हनुमान मंदिरों का निरीक्षण कर रूट आदि में आने बाले अवरोधों को परखा। इस निरीक्षण के पीछे प्रशासन की मंशा यह भी रही कि अगर कहीं किसी प्रकार की समस्या हो तो समय रहते उसका निदान करा दिया जाये ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से निपट सके। अगले दो दिनों में कई पर्व एक साथ पड़ रहे हैं जिनमें हिंदू और मुस्लिम दोनों ही पर्व शामिल हैं। बुढवा मंगल, गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन और जल विहार जैसे हिंदू पर्वों के अलावा कल शनिवार को बकरीद भी है। इन पर्वों को लोग शांतिपूर्ण ढंग से मनायें और किसी प्रकार का व्यवधान न आने पाये इसके लिये प्रशासन पूरी तरह से चाक चैबंद है। एसडीएम सुरेश सोनी और सीओ रुक्मिणी वर्मा, कोतवाल सत्यदेव सिंह ने आज ईदगाह, कस्बे की उन मस्जिदों जहां बकरीद की नमाज अता की जानी है का स्थलीय निरीक्षण कर खुद को आश्वस्त किया कि कहीं किसी प्रकार का अवरोध रूट में नहीं है। इसके अलावा सुप्रसिद्ध दोहर सरकार के अलावा कस्बे के अन्य हनुमान मंदिरों में भी जाकर व्यवस्थायें देखीं। दोहर के रास्ते में कतिपय लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिये जाने पर अधिकारियों ने चैबीस घंटे में अपने तामझाम हटा लेने की वार्निंग दी। उन्होंने लोगों से बातचीत भी की और समस्यायें जानने का प्रयास किया, अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी को कोई अस्वाभाविक बात नजर आये तो उसे प्रशासन में बैठे अधिकारियों के साथ जरूर शेयर करें ताकि समस्या का समय रहते निदान कराया जा सके। अधिकारियों ने यह भी कहा कि पुलिस और पीएसी बल पर्याप्त संख्या में रहेगा मौजूद ताकि त्योहार निर्विघ्न संपन्न हो सकें। उन्होंने जोड़ा कि पैनिक क्रियेट करने बालों के साथ सख्ती से निपटा जायेगा।







Leave a comment