
उरई। जनपद में बुढ़वा मंगल(हनुमान जयंती) आस्था व उल्लास के साथ मनाई गई। सुबह से ही भक्तों के मंदिरों में पहुंचने का दौर शुरू हो गया था। देर रात तक मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। इसके चलते दिन भर हनुमान मंदिर मारुति नंदन जैसे भक्ति गीतों से गूंजते रहे। मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे तो वहीं, बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और महिलाओं की खरीदारी के लिए सौंदर्य प्रसाधन की दुकानें सजीं रहीं, जिन पर महिलाओं की भीड़ उमड़ी । सुरक्षा के लिहाज से सीओ से लेकर शहर कोतवाल व एंटी रोमियो दस्ता सतर्क नजर आया।

बताते चले कि हनुमान जयंती को लेकर बीते तीन दिन पूर्व से ही मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई थी। जहां एक ओर मंदिरों की रंगाई पुताई कराई गई तो वहीं, दूसरी ओर साफ सफाई के बाद मंदिरों की साज सज्जा की गई। श्रद्धालुओं के आने, जाने के लिए बैरीकेडिग की व्यवस्था की गई। सोमवार देर रात तक तैयारियों का दौर चला। तैयारियां पूरी होने के बाद बुढ़वा मंगल को बडे मंगल के रूप में मनाया गया। सुबह 3.30 बजे महंत सिद्धन राम दास महाराज ने विधि विधान से रामदरबार की पूजा की, इसके बाद श्रद्धालुओं ने रामदरबार में विराजमान राम, लक्ष्मण व माता सीता के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाया। हनुमान जयंती को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल दिखा। वहीं, मंदिरों में लगे मेले में खरीदारों की भीड़ लगी रही। जहां बच्चों ने आइसक्रीम, चाट, बतासे का आनंद लिया तो वहीं, झूलों को झूलकर लुत्फ उठाया। इतना ही नहीं, महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। उन्होंने मेले में गृह उपयोगी व सौंदर्यीय प्रसाधन के सामानों की खरीदारी की। इस वजह से दुकानों पर दिन भर भीड़ रही। स्थिति यह रही कि भीड़ के चलते दुकानदार ग्राहकों को सामान तक नहीं दिखा पा रहे थे। सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं के आने, जाने का सिलसिला बना रहा। श्रद्धालुओं को आने, जाने में दिक्कत न हो, इसको लेकर यातायात पुलिस ने डायवर्जन के कायदे लागू किए थे, लेकिन इसकी वजह से शहर में जाम की स्थिति दिखी। इसके अलावा हनुमान जयंती पर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के काफी तगडे बंदोबस्त रहे। सीओ संतोष कुमार, कोवाल देवेंद्र द्विवेदी व एंटी रोमियो दस्ता प्रभारी नीलेश कुमारी फोर्स के साथ मुस्तैद रही और आने जाने वालों पर नजर रखी गई, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न फैल सके।
भंडारे का भी हुआ आयोजन
हनुमान जयंती पर शहर में •भंडारे का भी आयोजन किया गया। शहर के स्टेशन रोड स्थित मंशापूर्ण हनुमान मंदिर, ठडेश्वरी मंदिर, संकट मोचन मंदिर, जिला परिषद रोड स्थित मंशापूर्ण, झांसी रोड स्थित मंशापूर्ण समेत आदि हनुमान मंदिरों में भंडारे का आयोजन किया गया। हनुमान जी के दरबार में मत्था टेकने के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद का वितरण किया। इसी तरह बुढ़वा मंगल के मौके पर खिचड़ी भोज कराया गया। जय मां पीताम्बरा समिति द्वारा भंडारे में समिति के सदस्य पंकज कुशवाह, सभासद हरिकिशोर गुप्ता रिप्पू, विजय सिंह, जितेंद्र कंथरिया, निशांत श्रीवास्तव, अजय यादव, गौरव निरंजन, शिवपाल सिंह, योगेश सक्सेना, आदर्श सिंह, पंकज कसाब, अजय गिरहोत्रा, कन्हैया गुप्ता, राजू, रोहित दुबे, सिंटू गुप्ता, योगेंद्र सिंह जादौन, संजय गुप्ता, सत्यप्रकाश यादव, ब्रजकिशोर गुप्ता आदि मौजूद रहे। वहीं, समाजवादी पार्टी व नगर पालिका के अध्यक्षी के दावेदार मानसिंह यादव ने राज पैलेस के पास एक विशाल भंडारा कराया। इसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद छका।






Leave a comment