उरई। धनगर समाज के लोगों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी की मांग को लेकर रेल रोको आंदोलन के तहत आज रेलवे स्टेशन उरई पर रेल रोकने गए धनगर समाज के लोगों को पुलिस ने लठिया कर खदेड़ दिया। हालांकि बाद में प्रशासन को दिए गए ज्ञापन में उन्होंने अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की है।
राष्ट्रीय धनगर महासभा के जिलाध्यक्ष आरडी पाल, युवा जिलाध्यक्ष सोमेन्द्र धनगर के अलावा हेमंत, लोकेन्द्र, सुनील, अमित, कुलदीप, अजीत आदि तमाम लोगों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेल रोकने का प्रयास किया। लेकिन पहले से मुस्तैद आरपीएफ, जीआरपी पुलिस बल के साथ ही कोतवाली उरई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को स्टेशन परिसर से बाहर का रास्ता दिखा दिया। बाद में नगर मजिस्टेªट उरई को दिए गए मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल उत्तर प्रदेश शासन, मुख्य न्यायाधीश उच्च न्यायालय इलाहाबाद आदि को संबोधित ज्ञापन में आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में तहसीलदारों द्वारा प्रभावशाली व राजनैतिक लोगों को ही प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे है जबकि अन्य लोगों के आवेदनों पर विचार नही किया जा रहा है। जिससे धनगर समाज में आक्रोश है और प्रशासन के विरूद्ध विद्रोह की स्थिति पैदा होती जा रही है। उन्होंने मांग की है कि धनगर जाति के लोगों के आवेदनों पर विचार कर उन्हें अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र जारी किए जाए।





Leave a comment