उरई । चुर्खी थाने के नूरपुर में गत शुक्रवार को गला रेत कर की गई वृद्ध की हत्या के मामले में बंद एक आरोपी सोमवार को सुबह हेड मुहर्रिर को धक्का दे कर भाग निकला जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया । हालांकि शाम तक फरार हवालाती फिर पुलिस के शिकंजे में आ जाने की खबर है लेकिन पुलिस अभी इसे उजागर नहीं कर रही है ।

शुक्रवार को नूरपुर में जानवरों के बाड़े में सो रहे भगवान दीन (65 वर्ष) की हत्या कर दी गई थी जिसे ले कर मृतक के पुत्र रामकेश ने 4 लोगों के ख़िलाफ़ मुक़दमा लिखाया था । चुर्खी पुलिस ने इनमें से तीन राठ थाना क्षेत्र के रामबाबू और टिकावली के मोहित और कल्लू को गिरफ्तार कर लिया । तीनों रविवार की रात से चुर्खी थाने में बंद थे । शौच क्रिया  के बाद सोमवार को सुबह हेड मुहर्रिर कमरुद्दीन ने जब इनको बाहर निकालने के लिए हवालात का दरवाजा खोला तो रामबाबू ने उसे धक्का दे कर गिरा दिया और भाग निकला । पहरा  ड्यूटी के सिपाही की लापरवाही  की वजह से वह फरार हो जाने में कामयाब रहा । बाद में आस -पास के थानों को सतर्क कर दिया गया । शाम को खबर है कि पुलिस ने उसे फिर दबोच लिया है ।

Leave a comment