उरई । तहसील परिसर से अधिवक्ता की मोटर साइकिल चुरा कर भाग रहा बदमाश सोशल मीडिया की सक्रियता की वजह से दबोच लिया गया । उधर इसे ले कर पुलिस की कार्यप्रणाली लोगों के निशाने पर आ गई है । लोगों ने चोर को पुलिस के हवाले कर दिया था ताकि सरकारी कार्यालयों से दर्जनों की संख्या में हुई मोटर साइकिल चोरियों का पता चल सके लेकिन पुलिस ने आनन फानन उसे कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया और फारिग हो गई ।
कस्बा जालौन के तहसील परिसर से अधिवक्ता शैलेन्द्र श्रीवास्तव की मोटर साकिल आज चोरी हो गई । जानकारी होते ही शैलेन्द्र श्रीवास्तव के शुभ चिंतकों ने यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल कर चोर को पकड़वाने में मदद की अपील जारी कर दी । इसका नतीजा यह हुआ कि औरैया की ओर उक्त मोटर साइकिल ले कर भागते हुए हरदोई राजा निवासी मुनीन्द्र कुमार पुत्र सुंदर लाल को लोगों ने प्रतापपुरा के पास दबोच लिया । बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया । उम्मीद यह थी कि पुलिस आरोपी से जालौन में सरकारी परिसरों से चोरी हो चुकी दर्जनों अन्य मोटर साइकिलों के बारे में भी पूंछताछ करेगी लेकिन पुलिस ने जल्दबाजी में चोर का चालान करके लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया ।







Leave a comment