उरई। मतदाता सूचियों में हेराफेरी उजागर होने से निष्पक्ष चुनाव के दावे पर नगर निकाय चुनाव का बिगुल बजने के पहले ही प्रश्न चिन्ह लगने लगा है। जिलाधिकारी को एक शिकायत में लगभग 1 हजार वोटों को उम्मीदवार विशेष की सुविधा के लिए एक वार्ड से दूसरे वार्ड में स्थानांतरित किये जाने का आरोप लगाया गया है।
इरफान खान, रिजवान, लोकेश सिंह, कमाल, वसीम खां, तौहीद खां आदि दर्जनों लोगों ने इस शिकायत में कहा कि बघौरा क्षेत्र में वार्ड नं. 17 व वार्ड नं. 4 के वोटरों के साथ हेराफेरी का यह करिश्मा दिखाया गया है। वार्ड नं. 17 में 1000 वोटरों को अनियमित तरीके से वार्ड नं 4 की भाग संख्या 28 में शामिल कर दिया गया है। इसी तरीके से वार्ड 17 के भाग संख्या 100 व 101 को वार्ड नं. 4 में शामिल कर दिया गया है जो कि गलत है। वोटरों में इसे लेकर जबर्दस्त क्षोभ है। उन्होंने जिलाधिकारी से जांच कराकर उनके साथ न्याय करने की अपील की है।





Leave a comment