उरई , 13 दिसंबर (हि.स.)। अवैध संबंध के शक में पत्नी की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या करने के बाद पति ने थाने पहुँच कर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया ।
कदौरा थाने के डाले का पुरवा निवासिनी वीरवती (40वर्ष) का विवाह कानपुर देहात के भोगनीपुर थानान्तर्गत पुरैनी के काशीराम के साथ हुआ था । काशीराम का एक रिश्तेदार मिश्रीलाल कदौरा थाने के भेड़ीखुर्द गाँव में रहता है । कुछ समय से वीरवती की हरकतों की वजह से काशीराम को उसके और मिश्रीलाल के बीच नाजायज संबंध पनप जाने का संदेह होने लगा था जिसकी वजह से वह दोनों पर निगाह रखे हुए था ।
मंगलवार को जब वह मजदूरी पर चला गया उसके बाद मिश्रीलाल उसके घर आया और वीरवती को अपना इंदिरा आवास बनाने में सहायता के बहाने भेडी खुर्द ले गया । रात में काशीराम जब घर लौटा तो उसे इसकी जानकारी हुई । आग बबूला कांशीराम रात में ही भेडीखुर्द पहुँच गया और घात लगा कर बैठ गया । सुबह जैसे ही वीरवती शौच के लिए निकली , काशीराम ने उसे दबोच लिया और कुल्हाड़ी से काट डाला जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई ।
काशीराम इसके बाद 15 किलोमीटर पैदल चल कर थाने पहुँचा । जब कदौरा पुलिस ने उसका कूबूलनामा सुना तो पुलिस के होश उड़ गए । बाद में कुल्हाड़ी समेत हिरासत में ले कर पुलिस ने उसे हत्या की धारा में जेल भेज दिया ।







Leave a comment