उरई। लिव इन रिलेशन में साथ रह रही प्रेमिका को गोली मारने के बाद प्रेमी ने खुद को भी गोली मार ली जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि प्रेमिका को पुलिस ने पहुँच कर नाजुक हालत्न में अस्पताल में भर्ती कराया ।

घटना आटा थानान्तर्गत भभुआ गाँव में रविवार को सुबह के समय हुई जब रिश्ते की चाची जयदेवी (50 वर्ष ) के साथ पति पत्नी की तरह रह रहे फूल सिंह (47वर्ष) ने कहासुनी के बाद उस पर  तमंचे से गोली चला दी । गोली लगने से जब जयदेवी तड़पने लगी तो फूल सिंह ने पछतावे में खुद को भी गोली मार ली जिससे तत्काल उसकी मौत हो गई ।

थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने बताया कि फूल सिंह की शादी नहीं हुई थी इसके पहले ही उसकी आँखे एक लड़का और एक लड़की की माँ बन चुकी अपनी चाची जयदेवी से लड़ गई । जब उसके चाचा राम किशुन को इसकी जानकारी हुई तो वह दोनों पर बिगड़ पड़ा ।

इस बीच राम किशुन की हत्या हो गई जिसमें जय देवी और फूल सिंह को जेल हो गई थी । छूटने के बाद दोनों खुल्लम खुल्ला साथ रहने लगे ।

घटना की जानकारी के बाद अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र नाथ तिवारी सी ओ सिटी संतोष कुमार के साथ  जाँच के लिए मौके पर पहुँचे । इस बीच जय देवी को जिला अस्पताल से झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है ।

Leave a comment