उरई। राष्ट्रीय विकलांग पार्टी की जिला शाखा के तत्वावधान में दिव्यांगजनों को योजनाओं में लाभ देने में हो रही कोताही के विरोध स्वरूप दिन भर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना आयोजित किया गया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट एनपी पाण्डेय ज्ञापन लेने के लिए दिव्यांगजनों के बीच पहुंचे।
राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के जिलाध्यक्ष लाखन सिंह खंगार ने इस दौरान कहा कि कागजों में सरकार की सभी योजनाओं में विकलांगों को प्राथमिकता दी गई है लेकिन व्यवहार में प्रशासन विकलांगों को कोई लाभ नही मिलने दे रहा। विकलांग उपेक्षा से पीड़ित हैं। वे अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।
उन्होंने दिव्यांगजनों के फर्जी प्रमाणपत्र चिकित्सा विभाग से जारी होने का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इसमें लिप्त सीएमओं दफ्तर के कर्मचारियों और और फर्जी विकलांगों को धोखाधड़ी के मुकदमें के अंतर्गत जेल भेजा जाये।
ज्ञापन में सभी विकलांगों के लिए अंत्योदय राशनकार्ड जारी करने, उन्हें प्रधानमंत्री आवास दिलाने, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का लाभ दिलाने, प्रत्येक विकलांग को एक-एक एकड़ जमीन का पटटा देने, जिला पंचायत व नगर पालिका की दुकानों में आरक्षण की मांग भी की गई।
इसके साथ ही पैट्रोल व डीजल में विकलांगों को 50 प्रतिशत की छूट, बिजली में 100 प्रतिशत छूट, जल कर, गृह कर, रजिस्ट्री शुल्क व गैस सिलेंडर की निःशुल्क व्यवस्था, बैट्री चलित रिक्शो और सोर ऊर्जा से संचालित कंप्यूटर की मुफ्त व्यवस्था और पेंशन राशि 3 हजार रुपये बढ़ाने की भी मांग की गई।
प्रदर्शन में मो. इलियास, वीर सिंह चैहान, सुरेश ब्यौना, भगवान दास अहिरवार, रमाकांत प्रजापति, श्याम सुंदर कोंच, संजय कुशवाहा, सुनील कुमार रजक, संजीव कुमार, प्रहलाद सिंह बस्तेपुर, कमलेश सिंह परिहार, रामजी भरसूड़ा और प्रीतम सिंह पुर आदि शामिल रहे।

Leave a comment