उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र के माड़री गांव में खेत में एक युवक की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृत युवक की शिनाख्त नही हो पाई है। पुलिस अधीक्षक ने छानबीन के लिए डीआईजी झांसी से श्वान दस्ते की मांग की है।
शनिवार को माड़री में खेत पर जुताई के लिए पहुंचे विवेक शर्मा को सिर कटी लाश दिखाई दी। तो आतंकित होकर वे गांव वापस हो गये और उन्होंने प्रधान को बताया। प्रधान विमल पाल ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा खबर मिलने के बाद आनन-फानन मौके पर पहुंचे। मृत युवक की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच की है। सिर काटने के बाद पास मे ही उसके कपड़े जलाये गये। छानबीन में पुलिस ने आसपास अवशेष वरामद किये हैं। पुलिस के मुताबिक हत्या तीन-चार दिन पहले हुई है।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह भी जानकारी के बाद घटना स्थल पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बावजूद अभी तक शव की शिनाख्त नही हो पाई है। इस बीच पुलिस अधीक्षक ने परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक जवाहर से छानबीन में मदद के लिए श्वान दस्ता भेजने की मांग की है।

Leave a comment