उरई । कालपी नगर में घरेलू विवाद में भाई के हमले में घायल युवक की शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई जिसके चलते जिले में होली का त्योहार पुलिस के लिए बदरंग हो गया ।
शुक्रवार को यह घटना कालपी के हृदयस्थल कहे जाने वाले हरीगंज चौराहे के पास एक मोची परिवार में हुई । मृतक के पिता रामनारायण ने दोपहर में भी अपने दोनों लड़कों के बीच हो रहे झगड़े की शिकायत पुलिस से की थी लेकिन घरेलू मामला समझ कर पुलिस ने इसे नजर अंदाज कर दिया था ।
रात में दोनों भाई फिर उलझ गए । इस दौरान बड़े भाई छंगा ने छोटे भाई बच्चन (25वर्ष ) की गर्दन में रापी से ताबड़तोड़ प्रहार किए जिससे वह लहूलुहान हो कर मरणासन्न हो गए । घटना के बाद छंगा एक मित्र की बाइक पर बैठ कर भाग निकला ।
इलाज में फुटवाल बने रहने से हुई मौत
बाद में घर के अन्य लोग उसे आनन फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहाँ से उसको जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया । इस बीच उसे जिला अस्पताल से भी मेडिकल कालेज झांसी रवाना कर दिया गया । झांसी में भी डाक्टरों ने हाथ खड़े कर दिये तो उसे ग्वालियर ले जाया गया जहाँ उसने दम तोड़ दिया ।
लोगों का कहना है कि कालपी से कानपुर केवल 80 किलोमीटर दूर है जहाँ खून चढ़ाने आदि की पर्याप्त व्यवस्थाएँ हैं । अगर मृतक को जिला अस्पताल रेफर न कर सीधे कानपुर भेजा जाता तो वह बच सकता था । इस मुद्दे पर कालपी के प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ मुलायम सिंह से बात भी की ।






Leave a comment