उरई। आयुक्त झाँसी मण्डल झाँसी कुमुदलता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री के जनपद भ्रमण को दृष्टिगत रखते हुए विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। समीक्षा बैठक में विभाग कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि वह अपने विभाग के लोकार्पण/शिलान्यास की सूची तथा इनसे सम्बन्धित पत्थर पर लाभार्थीपरक योजनाओं के अन्तर्गत स्वीकृत प्रमाण पत्र जो लाभार्थियों को दिये जायेंगे, उन्हें तैयार करा लें। समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों/निर्माण कार्यों के सम्बन्ध में प्रस्तुतीकरण किये जाने वाली जनपद स्तरीय कार्यों में स्कूल चलो अभियान, पेयजल आपूर्ति, अन्ना पशुप्रथा आदि को भी सम्मिलित किया जाये। समस्त विभागीय अधिकारी अपने विभाग के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट अद्यतन तैयार कर उसका अध्ययन ठीक तरह से कर लें और मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में पूछे जाने पर उनके प्रश्नों का सही उत्तर दें क्योंकि बैठक में आपके पास आपका कोई सहायक नहीं होगा। बैठक में केवल विभागाध्यक्ष/कार्यालयाध्यक्ष ही मौजूद रहेंगे। इसलिए पूरी तैयारी के साथ बैठक में भाग लें। मुख्यमंत्री किसी अधिकारी से उनके विभाग के कार्यों के बारे में पूंछ सकते है। गलत जवाब देने पर आपके उनके द्वारा दण्डित भी किया जा सकता है। सिंचाई विभाग को निर्देश दिये कि वह समय से तालाबों को भरवाकर पशुओं को पानी की व्यवस्था करायें। उन्होंने कहा कि लखनऊ मुख्यालय पर तथा मण्डल स्तर पर सम्पन्न हुई बैठकों की कार्यवाही का अनुपानल सुनिश्चित किया जायें। जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देश दिये कि वह ग्रामों के हैण्डपम्पों की मरम्मत तथा पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा यदि किसी ग्राम में अधिक पेयजल समस्या हो तो टैंकरो से पेयजल की व्यवस्था कराई जाये। इसके साथ ही निर्धारित लक्ष्य के अनुसार ग्रामों को ओ0डी0एफ0 कराना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर डीआईजी झाँसी जवाहर, जिलाधिकारी डा0 मन्नान अख्तर, पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, अपर जिलाधिकारी पीके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार, उपजिलाधिकारी सदर विकास कश्यप, अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत, जल निगम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं इंजीनियर उपस्थित रहें।

Leave a comment