उरई। 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के जनपद दौरे का मिनिट टू मिनिट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
13 अपैल को कर्वी के लोक निर्माण विभाग निरीक्षण गृह से सुबह 8 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का कार से चित्रकूट जनपद में ही स्थलीय निरीक्षण के लिए प्रस्थान होगा। इसके बाद राजकीय हैलीकाप्टर द्वारा 9 बजकर 40 मिनट पर सुबह वे सीआईसी कर्वी स्थित अस्थाई हैलीपैड से उरई के लिए रवाना होगें। उनका हैलीकाप्टर उरई की पुलिस लाइन में 10 बजकर 25 मिनट पर लैंड करेगा। यहां से वे सीधे राजकीय इंटर कालेज मैदान में 10 बजकर 40 मिनट पर पहुंच जायेगें।
जीआईसी मैदान में 11 बजकर 50 मिनट तक वे लोकार्पण, शिलान्यास, कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र के वितरण के कार्यक्रम में व्यस्त रहने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेगें।
इसके तत्काल बाद कार से वे राजकीय मेडिकल कालेज के निरीक्षण के लिए पहुंचेगें। 11 बजकर 55 मिनट से दोपहर 12 बजकर 25 मिनट तक वे राजकीय मेडिकल कालेज के चप्पे-चप्पे का आधा घंटे में निरीक्षण कर लेगें जो कि अपनी दुर्दशा के लिए कुख्याति अर्जित करने में नये कीर्तिमान स्थापित कर चुका है।
राजकीय मेडिकल कालेज से कार से ही वे जिला पंचायत के सभागार में 12 बजकर 35 मिनट पर दाखिल होगें। जहां पहले वे जन प्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों से भेंट करेगें। 20 मिनट में इन सभी को निपटाने के बाद 1 बजे से 3 बजे तक दो घंटे उनका जनपद हमीरपुर और जनपद जालौन की कानून व्यवस्था की समीक्षा करने का कार्यक्रम जिला पंचायत सभागार में ही है। खास बात यह है कि जालौन जनपद और जनपद हमीरपुर दोनों ही अलग-अलग पुलिस जोन और पुलिस रेंज के जिले हैं। इस अलहदापन को नजरदांज करके जनपदों की संयुक्त बैठक का यह पहला प्रयोग होगा। इसके कारण इलाहाबाद जोन के एडीजी एसएन सावत इस बैठक में उपस्थित नही रह पायेगें। हालांकि कानपुर जोन के एडीजी और झांसी रेंज के डीआईजी के साथ हमीरपुर जिला पुलिस की सरपरस्ती के लिए चित्रकूट पुलिस रेंज के डीआईजी इसमें रहेगें। 3 बजकर 40 मिनट पर वे पुलिस लाइन से लखनऊ के लिए वापस प्रस्थान कर जायेगें। उनके कार्यक्रम से कालपी का दौरा अंतिम क्षणों मे अलग कर दिये जाने से वेद व्यास नगरी के लोग बेहद निराश हैं।






Leave a comment