0 सीओ की अगुवाई में कोतवाली पुलिस ने इंडस्ट्रियल एस्टेट में छापा मार कर दबोचे ट्रक
कोंच-उरई। अबैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ नवागंतुक सीओ ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिये हैं। शनिवार को मिली गोपनीय सूचना पर सीओ संदीप वर्मा की अगुवाई में कोतवाली पुलिस ने उरई रोड स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट में छापा मार कर वहां चोरी छिपे खड़े किये गये ट्रकों को जब पकड़ा तो ट्रकों के ड्राइवर और हेल्पर पुलिस देख भाग खड़े हुये। पुलिस ने इन सभी ट्रकों को ओवरलोडिंग और अवैध खनन में मान कर एआरटीओ और खनिज विभाग को भी सूचना भेज दी है। दोनों विभागों की जांच के आधार पर ही आगे की कार्यवाही किये जाने की बात पुलिस द्वारा कही गई है। पकड़े गये ट्रकों में कइयों के नंबर प्लेट से नंबर ही गायब हैं।
कोंच इलाका अवैध खनन का माल निकालने के लिये सुरक्षित पैसेज माना जाता है। मुंह अंधेरे से ही इस इलाके में ट्रकों की भरभराहट शुरू हो जाती है, दर्जनों ट्रक रोज ही यहां से निकल कर सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचते हैं। ट्रकों और डंपरों में ओवरलोड बालू मौरंग निकलना भी एक सिस्टम के तहत चलता है, सिस्टम से हटे और फंसे। बहरहाल, शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि ओवरलोड बालू के ट्रक कोंच के उरई रोड स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट में छिपा कर खड़े किये गये हैं। सूचना पर फौरी संज्ञान लेकर सीओ संदीप वर्मा की अगुवाई में कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा और भारी पुलिस बल ने वहां छापा मारा तो तीन ट्रक और दो डंपर बालू के ऊपर तक भरे वहां खड़े पाये गये। पुलिस को देख ट्रकों और डंपरों के ड्राइवर तथा हेल्पर भाग खड़े हुये। पुलिस ने सभी पांचों वाहनों को अपनी कस्टडी में लेकर वहां पुलिस का पहरा बिठा दिया है। सीओ ने बताया है कि पुलिस के मौके पर पहुंचते ही सभी वाहनों के कर्मचारी मौके से भाग निकले थे जिसके चलते उन्हें वाहनों के कागजात भी नहीं देखने को मिल सके। एआरटीओ तथा खनिज विभाग को सूचना दे दी गई है, दोनों विभागों के अधिकारी अपनी जांच करके जो रिपोर्ट देंगे उसी के अनुरूप कार्यवाही की जायेगी। इधर, जैसी ही इस पुलिस कार्यवाही की खबर खनन माफियाओं को मिली कोतवाली के इर्द गिर्द उन्होंने मंडराना शुरू कर दिया है और गोटें फिट करने की कोशिशों में जुट गये।

अवैध खनन का कारोबार, बिल्कुल नहीं-सीओ
शनिवार को ओवरलोडिंग में पांच ट्रक पकडने के बाद सीओ संदीप वर्मा ने दो टूक कहा है कि अवैध खनन का काला कारोबार कतई नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान लगातार चलता रहेगा। उन्होंने कहा बिना लाइसेंस डंप की जाने बाली बालू पर भी पुलिस की निगाह रहेगी।

Leave a comment