0 तीन थानों में आई छह फरियादें, दो निस्तारित
कोंच-उरई। थानों में पहले और तीसरे शनिवार को आयोजित होने वाले समाधान दिवस हों या पहले और तीसरे मंगलवार को तहसील में होने वाले संपूर्ण समाधान दिवस, इनका क्रेज घटता सा दिख रहा है और आम जनता का इन दिवसों पर से भरोसा उठता जा रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण यही है कि उनकी समस्याओं का अव्वल तो निस्तारण हो पाना ही टेढ़ी खीर है और अगर इक्का-दुक्का होते भी हैं तो उनमें गुणवत्ता का अभाव होता है जिसके कारण समस्या का निदान होना न होना एक जैसा ही है। शनिवार को सर्किल के तीन थानों में महज छह शिकायतें ही दर्ज की गईं जिनमें दो का मौके पर निस्तारण होने का दावा किया गया है। कोंच कोतवाली में चार और नदीगांव में दो प्रार्थना पत्र आये जबकि कैलिया थाने में एक भी फरियादी नहीं पहुंचा।
कोतवाली कोंच में सीओ संदीप वर्मा की अध्यक्षता एवं कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा की मौजूदगी में निपटे समाधान दिवस में चार शिकायतें आईं जिनमें दो राजस्व की, एक पुलिस की तथा एक बिजली की है। किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका है। उधर नदीगांव थाने में एएसपी सुरेन्द्रनाथ तिवारी की मौजूदगी में संपन्न समाधान दिवस में दो शिकायतें आईं जिनका मौके पर निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान एसओ रवीन्द्र कुमार त्रिपाठी, एसआई घनश्याम सिंह आदि मौजूद रहे। कैलिया में एसओ एमपी सिंह की अध्यक्षता में समधान दिवस निपटा जिसमें एक भी फरियादी नहीं आया।

Leave a comment