कोंच-उरई। पिछले दिनों उरई में एक गल्ला व्यापारी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम में दर्ज की गई एफआईआर को लेकर कोंच के गल्ला व्यापारी भी लाल हैं। उन्होंने इसकी घोर निंदा करते हुये इसे व्यापारियों का उत्पीड़न माना है और मुकदमा वापिस नहीं होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी है। आगे की रणनीति बनाने के लिये व्यापारियों की एक आकस्मिक बैठक कल रविवार को दोपहर 12 बजे गल्ला मंडी में बुलाई गई है।
गौरतलब है कि उरई के गल्ला व्यवसायी उदयभान सिंह के विरुद्ध पीसीएफ के अधिकारियों ने 10 अप्रैल को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसे लेकर जिले भर के गल्ला व्यापारियों में उबाल है। व्यापारियों ने इस पूरे मसले को फर्जी करार देते हुये व्यापारी को निर्दोष बताया है और इसकी निंदा करते हुये एफआईआर वापिस लेने की मांग कर रहे हैं। कोंच के गल्ला व्यवसायी भी लाल हैं और व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष की रणनीति बना रहे हैं। गल्ला व्यापारी समिति के अध्यक्ष अजय गोयल तथा मंत्री धु्रवप्रताप सिंह ने कहा है कि प्रशासन में बैठे आला अधिकारियों को इस मामले में हस्तक्षेप कर दर्ज किये गये झूठे मुकदमे को वापिस कराना चाहिये अन्यथा व्यापारी संघर्ष की राह अपनाने को बाध्य होंगे। उन्होंने बताया है कि आगे की रणनीति बनाने के लिये कल रविवार को बैठक बुलाई गई है। उन्होंने कहा है कि कोंच के व्यापारी भी उरई के व्यापारियों के साथ हैं और वे जो भी कदम उठायेंगे, कोंच उनका पुरजोर समर्थन करेगा।

Leave a comment