0 गर्मी भले ही दो महीने से लोगों को झुलसा रही है लेकिन पालिका के प्याऊ मई में ही लगेंगे
कोंच-उरई। दिनों दिन गर्मी की बढती तपिश लोगों को झुलसाने में लगी है लेकिन नगर में इक्का दुक्का समाजसेवियों द्वारा लगवाये गये प्याऊ ही राहगीरों की प्यास बुझा पा रहे हैं। पालिका के प्याऊ लगाने का प्रस्ताव तो पिछली बोर्ड बैठक में पास हो गया है लेकिन पालिका के कागजों में लिखा धरा है कि आदमी प्यास से तड़प कर भले ही मर जायें लेकिन पालिका के प्याऊ मई में ही लगेंगे। हालांकि पालिका ने एकाध जगह प्याऊ रखवाने की औपचारिकता कर दी है लेकिन अधिकांश सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ नहीं होने से लोगों का प्यास के मारे बुरा हाल है।
लोगों को बहुत अच्छे से जानकारी है कि अबकी दफा गर्मी की आमद निर्धारित समय के विपरीत लगभग एक महीने पहले ही हो गई थी। मौजूदा में हालात यह हैं कि पारा बैरोमीटर में कुलांचें मारता हुआ चालीस के आंकड़े के ऊपर उछल रहा है जिसके चलते लोगों के तन बदन बुरी तरह झुलस रहे हैं। सबसे ज्यादा बुरी हालत उन लोगों की है जो सौदा सुलफ करने के लिये बाजारों, दुकानदारी, नौकरी या अन्य कामों के लिये घरों से बाहर हैं। उन्हें जब प्यास लगती है तो या तो उन्हें दूर तक भटकना पड़ता है या फिर बोतल बंद पानी के लिये अंटी ढीली करनी पड़ती है। नगर में दो चार जगहों को अगर छोड़ दें जहां कतिपय समाजसेवियों ने प्याऊ लगवाये हैं, तो तमाम सार्वजनिक स्थान ऐसे हैं जहां अभी तक पालिका की ओर से प्याऊ नहीं लग सके हैं। डाढी नाका स्थित यात्री प्रतीक्षालय, बस स्टैंड, चंदकुआ, स्टेट बैंक, कैलिया बस स्टैंड, रेलवे क्रॉसिंग, मारकंडेयश्वर तिराहा, तहसील आदि स्थानों पर प्याऊ की जरूरत महसूस की जा रही है। जानकारी करने पर बताया गया कि बोर्ड बैठक में पच्चीस स्थानों पर प्याऊ लगाने का प्रस्ताव तो पास हो चुका है लेकिन चूंकि विगत बर्षों में मई में पालिका के प्याऊ लगते रहे हैं सो अबकी दफा भी इनकी शुरुआत मई में ही होगी। यह नियम कितना ठीक है यह तो नहीं मालूम लेकिन प्यासों को अगर पानी न मिले तो उन नियमों का फायदा ही क्या है।
न बैठने की व्यवस्था, न पानी की
ऐसी भीषण गर्मी में भी आदमी घर में घुस कर तो नहीं बैठ सकता, उसे अपने कामों से बाहर भी आना जाना पड़ता है और फिर झेलनी पड़तीं हैं तमाम ऐसी दिक्कतें जिन्हें दूर भी किया जा सकता था। प्रेमनारायण निवासी दिरावटी डाढी नाका स्थित यात्री प्रतीक्षालय में अन्य यात्रियों के साथ बैठ कर वाहन का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वह पिछले चार घंटे से वहां बैठे हैं लेकिन यहां न ही बैठने के लिये कुर्सियां ही हैं और न ही पीने के पानी की समुचित व्यवस्था।

समाजसेवी ने लगवाया प्याऊ
पालिका प्रशासन को भले ही भीषण गर्मी में राहगीरों की चिंता न हो लेकिन समाजसेवी अपना काम बखूबी कर रहे हैं। लोगों के प्यासे गले तर करने के लिये हर बर्ष की भांति अबकी दफा भी सभासद प्रतिनिधि छोटू टाइगर द्वारा सागर तालाब किनारे प्याऊ लगवाया गया है जिसका उद्घाटन नगर पालिका की चेयरपर्सन डॉ. सरिता आनंद एवं बरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरबी जैन ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया। इन अतिथियों ने छोटू टाइगर के इस प्रयास की सराहना करते हुये कहा कि गर्मी के इस मौसम में लोगों की सबसे बड़ी जरूरत पानी है, प्याऊ खोल कर उन्होंने निश्चित रूप से एक पुण्य का कार्य किया है। इस प्याऊ के खुल जाने से सैकड़ों लोगों की प्यास बुझेगी। इस मौके पर सपा विधानसभा अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह गुर्जर, सुल्तान, गुड्डू सर्राफ, अनिल पटैरिया, जाहिद, अरविंद खटिक, भारत यादव, पुष्पेन्द्र सरोनिया आदि मौजूद रहे।

Leave a comment