0 व्यापारियों और उनके परिजनों के खिलाफ लिखी गई एफआईआर पर बिफरे हैं गल्ला व्यापारी
0 मामला उरई के उदयभान सिंह और कोंच के व्यापारी अजय रावत के बेटे के खिलाफ दर्ज मुकदमों का
कोंच-उरई। जिले में हो रहे व्यापारी उत्पीडन को लेकर समूचे जनपद के व्यापारियों के साथ कोंच के गल्ला कारोबारी भी लामबंद हो गये हैं। उरई के गल्ला व्यापारी तथा कोंच के व्यापारी पुत्र के खिलाफ लिखे गये आपराधिक मुकदमों को झूठा करार देते हुये व्यापारियों ने इन मुकदमों को बापिस लिये जाने की मांग के साथ संघर्ष छेडने का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने कल 23 अप्रैल से बेमियादी बंद का ऐलान करते हुये चेतावनी दी है कि जब तक पीड़ित व्यापारियों को न्याय नहीं मिल जाता है तब तक वे कारोबार बंद रखेंगे।
गल्ला व्यापारी समिति की आकस्मिक बैठक रविवार को गल्ला मंडी स्थित शंकरजी के मंदिर पर समिति के अध्यक्ष अजय गोयल की अध्यक्षता तथा मंत्री धु्रवप्रताप सिंह के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में उरई के गल्ला व्यापारी उदयभान सिंह के विरुद्घ पीसीएफ के अधिकारियों द्वारा 10 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी प्रकार कोंच के गल्ला व्यवसायी अजय रावत के बेटे के खिलाफ कोंच कोतवाली में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया था जिसे लेकर जिले भर के गल्ला व्यापारियों में उबाल है। व्यापारियों ने इन दोनों मामलों को फर्जी करार देते हुये व्यापारी और परिजन को निर्दोष बताया है तथा व्यापारियों का उत्पीडन मानते हुये इसकी निंदा की है। बैठक में फैसला लिया गया है दर्ज झूठे मुकदमे बापिस नहीं होने तक व्यापारी संघर्ष करते रहेंगे और तब तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे। बैठक में लिये गये फैसले से उन्होंने जिलाधिकारी, मंडी सचिव तथा मंडी सभापति को भी पत्र भेज कर अवगत करा दिया है। बैठक के दौरान अजय गोयल, धु्रवप्रताप सिंह, राममोहन रिछारिया, अजय रावत, मिथलेश गुप्ता, विनोद दुवे लौना, राहुल तिवारी, जय मुखिया, राजीव पटेल, रामकुमार अग्रवाल, विजय गुप्ता भोले, प्रेमनारायण राठौर, दिनेश खिल्ली, दिलीप अग्रवाल, राजेश मिश्रा, हरीमोहन सौनकिया, नवनीत गुप्ता, राजू गुप्ता, राजाराम पठान, हरीश तिवारी सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a comment