उरई। कुठौंद में रविवार को विकास खंड परिसर में पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में वन विभाग द्वारा वृहद गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर वन क्षेत्राधिकारी आरके सिंह ने बताया कि 1970 से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पृथ्वी दिवस का आयोजन पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने हेतु मनाया जा रहा है। उन्होंने इस दिवस के आयोजन की सार्थकता सिद्ध करने के लिए लोगों से खाली पड़ी भूमि पर अधिक से अधिक संख्या में पौध रोपण करने तथा पालीथिन का प्रयोग करके जमीन को बर्बाद न करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर किसी के परिवार में किसी सदस्य का जन्मदिन है तो उसकी याद में एक पौधा लगायें। जिससे प्रकृति में निखार आयेगा और जन्मदिन के आयोजन की सुंदरता में नया आयाम जुड़ेगा।
इस दौरान बताया गया कि जालौन जनपद में वन विभाग को इस वर्ष 1260 हैक्टेयर क्षेत्रफल में 13 लाख 86 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य सौंपा गया है। अन्य विभागों के लिए अलग से लक्ष्य निर्धारित किये गये हैं। वन दरोगा जितेंद्र नगाइच ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ नये वृक्षों को लगाने के लिए तीन योजनाएं चालू की हैं। जिनमें मुख्य मुख्यमंत्री सामुदायिक वानिकी योजना, मुख्यमंत्री कृषक वृक्ष धनरोपण योजना और मुख्यमंत्री फलोद्यान योजना शामिल हैं।
गोष्ठी में पूर्व ब्लाक प्रमुख अशोक दुबे, लाल सिंह, अंकित शुक्ला, सोनू दुबे, नीटू दुबे, अखिलेश गुप्ता, नीरज गुप्ता के अलावा प्रधानगण विवेक सिंह, विनोद राजपूत, शिवम राजपूत, प्रमोद, आनंद दुबे, जीतू शुक्ला, बृजेश कुमार, राजेंद्र कुमार, शीतल सिंह, कृषभान सिंह और हरीशंकर उपस्थित थे। वन विभाग से वन रक्षक परमोले, हिम्मत शाह, ज्ञानी, काशीप्रसाद, परशुराम, राघवराम आदि भी मौजूद रहे।







Leave a comment