उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र के सिंगपुरा गांव में भूसा घर में आग लगने से उसमें खेल रहे सात वर्षीय मासूम की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के काफी देर बाद भी दमकल गाड़ी न पहुंच पाने से ग्रामीणों में रोष छाया रहा।
उक्त ग्राम में अयोध्या प्रसाद विश्वकर्मा ने गांव के बाहर अपने कमरों में भूसा भर दिया था। रविवार को सुबह उसके भूसा घर में आग लग गई। जिससे धूं-धूं करके भूसा जलने लगा और ऊंची लपटे उठने लगीं। उस दौरान अयोध्या प्रसाद विश्वकर्मा का सात वर्षीय नाती प्रशांत पुत्र कमलेश वहीं खेल रहा था। वह आग की लपटों की चपेट में आ गया और जब तक घरवाले उसकी चींख सुन पाते तब तक आग का गोल बनकर वह जलकर मौके पर ही खाक हो गया।
उसकी दर्दनाक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। मां-बाप का अपने लाड़ले की दर्दनाक मौत से रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बालक के अवशेष इकटठे करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं।







Leave a comment