उरई। बिजली की अंडर ग्राउंड केबलिंग के लिए खोदे गये गढढे तेजी से भरवाये जा रहे हैं और उन पर सीसी लेपन भी हो रहा है। यह जानकारी जिला व्यापार बंधु की बैठक में दी गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह ने की।
बैठक में कई महत्वपूर्ण मुददों पर चर्चा हुई। नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी को जगह तलाश कर सुलभ शौचालयों के निर्माण के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही उनसे कहा गया है कि वे अतिक्रमण चिन्हित कर पुलिस के सहयोग से हटवायें।
फल-सब्जी की दुकानों के लिए स्थाना चिन्हित करने के भी निर्देश दिये गये। राठ रोड ओवर ब्रिज सड़क पर दिशा निर्देशक बोर्ड लगवाये जायेगें। यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज की बसों का अलग-अलग जगह से संचालन किया जायेगा।
बैठक में कालपी की मंडी में स्थित इलाहाबाद बैंक की शाखा को शहर में स्थानांतरित किये जाने का मुददा भी उठा। अपर जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों से शाखा यथावत स्थापित करने पर विचार के लिए कहा। कालपी में जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस बल बढ़ाने की मांग की गई।
बैठक में राष्ट्रीय स्तर के व्यापारी नेता सत्यपाल शर्मा, अशोक द्विवेदी, सुनील लोहिया, श्रीकांत पुरवार, रामप्रकाश पुरवार और समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।






Leave a comment