उरई। डग्गामारी की माहवारी वसूली के लिए एक वाहन चालक को मोबाइल पर धमकी देते हुए कोतवाली क्षेत्र की बस स्टैण्ड चौकी के इंचार्ज का आडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। साथ में एक अन्य महत्वपूर्ण परिवर्तन में उरई कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक पद पर गत दिनों अपराध शाखा के एसआई रामराजा शुक्ला का किया गया स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें यथावत रहने का आदेश जारी किया गया है।
बस स्टैण्ड चौकी पुलिस जीप व अन्य सवारी वाहन ढाई हजार रुपये प्रति महीने लेकर चलवा रही थी। जिसकी लंबे समय से देखरेख की जा रही थी। वाहन चालकों के लिए हर महीने एक से लेकर पांच तारीख के बीच मंथली चौकी इंचार्ज तक पहुंचाने की व्यवस्था इसमें शामिल थी। गत महीने एक वाहन चालक ने पैसा समय पर नही पहुंचा पाया। जिसके बाद चौकी इंचार्ज राजेश कुमार मिश्रा ने उसे मोबाइल पर डपटा। उसने यह बातचीत रिकार्ड कर ली। सोशल मीडिया पर यह आडियो वायरल हो गया। जिसे संज्ञान में लेेते हुए पुलिस अधीक्षक ने उन्हें लाइन हाजिर कर थाना कोटरा से दिनेश कुमार को स्थानांतरित करके उन्हें बस स्टैण्ड चौकी भेजा है।
तबादला सूची में पुलिस लाइन से महिला उपनिरीक्षक रजनी मिश्रा को थाना जालौन भेज दिया है। डकोर थाने के उपनिरीक्षक रामलाल सोनकर को भी पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर कर दिया है।
उधर पुलिस लाइन से जगदंबा प्रसाद दुबे द्वितीय प्रभारी के रूप में थाना कोतवाली उरई भेजे गये। दो अन्य इंस्पेक्टर फुंदनलाल और अशोक कुमार उपाध्याय पुलिस लाइन से अपराध शाखा के लिए स्थानांतरित किये गये हैं।






Leave a comment