उरई। किसानों को कृषि विभाग की सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु कृषि विभाग में पंजीकरण कराना अनिवार्य है। तभी शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा।
उक्त बात जिलाधिकारी डा0 मन्नान अख्तर ने आज न्यू मंगलम उत्सव गृह राठ रोड उरई में आयोजित जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादन गोष्ठी एवं किसान मेला के अवसर पर किसानों को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के प्रति बहुत ही सम्वेदनशील है और फसल उत्पादन बढ़ाने हेतु किसानों के लिए विभिन्न प्रकार की योजनायें संचालित कर उनकी आय दो गुनी करने का हर सम्भव प्रयास कर रही है। खासकर बुन्देलखण्ड के कृषकों के लिए प्रथमवार बीजों पर 80 प्रतिशत अनुदान देने का निर्णय लिया है। यह अनुदान किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से जमा किया जायेगा। किसान को पहले बीज का मूल्य निर्धारित दर के अनुसार नगद भुगतान करके प्राप्त करना होगा। किसानों को विज्ञान से जुड़कर तकनीकी रूप से खेती करने के गुण सीखने होंगे तभी उन्नति का रास्ता निकलेगा। जो कृषक कृषि विभाग, उद्यान विभाग का लाभ प्राप्त करेगा, उसे पहले पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसी के आधार पर प्रथम आओ प्रथम पाओ के अनुसार योजनाओं का लाभ मिलेगा। अन्ना पशुओं को रखने हेतु गौशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है जिसमे अन्ना पशुओं को रोका जायेगा। अन्ना पशु कहीं न कहीं पशुपालकों के ही हैं जिन्हे उन्होंने अन्ना छोड़ रखा है यदि वह बांधकर रखेंगे तो समस्या का निदान काफी हद तक हो जायेगा। किसानों की जो भी समस्यायें है उनका निराकरण करने के हर सम्भव प्रयास किये जा रहें है और निराकरण भी हो रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी एवी सिंह ने कहा कि किसान अपने खेत की मिट्टी का मृदा परीक्षण अवश्य करायें। जिससे मिट्टी में किस तत्व की कमी है तो उसको जैविक खाद अथवा रासायनिक खाद से पूरा किया जा सकता है। उसी का प्रयोग किया जाये। कृषि से सम्बन्धित सभी जानकारी कृषकों को होनी चाहिए जिससे वह कृषि से जुड़ा हर कार्य समय से कर उत्पादन क्षमता बढ़ा कर आय को दो गुना कर सकें।
गोष्ठी को विधायक कालपी नरेन्द्र सिंह जादौन, आरके तिवारी उप निदेशक कृषि, डा0 राजीव कुमार सिंह कृषि वैज्ञानिक, सहायक प्रबन्धक लीड बैंक किसान नेता साहब सिंह चौहान, राजवीर सिंह जादौन, बलराम लम्बरदार ने भी गोष्ठी को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियन्ता, नलकूप, विद्युत, सिंचाई आदि अधिकारी उपस्थित रहें। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक जिला विज्ञान क्लब विनय कुमार गुप्ता ने किया तथा जिला कृषि अधिकारी राममिलन सिंह ने सभी आगन्तुकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a comment