आटा-उरई। आटा में हाइवे किनारे स्थित एसबीआई की शाखा में आये दिन सर्वर डाउन की समस्या गहरा जाती है। उस पर शाखा के कर्मचारियों की कमी अलग है। जिससे बैंक ग्राहकों को मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। यहां जमा-निकासी में घंटों का समय लग जाता है।
कुछ माह पूर्व यहां स्थानांतरण के कारण कई कर्मचारी चले गये थे जिनकी पूर्ति अभी तक नही की गई है जिससे बैंक का कामकाज प्रभावित है। दिन-दिन भर काउंटरों पर भीड़ लगी रहती है तब कहीं जाकर लोग रकम की जमा-निकासी करवाते हैं। इस दौरान इंटरनेट कनेक्टविटी सुचारू रूप से न मिलने के कारण सर्वर डाउन काम को प्रभावित करने का एक अलग बड़ा कारण बन जाता है।
गौरतलब है कि कृषि ऋण का काम देखने वाले फील्ड अफसर सहित दो महत्वपूर्ण पद इस शाखा में खाली हैं। दूर-दराज से आये ग्रामीणों को इसके चलते भूखे-प्यासे और धूप में बैठे रहकर बैंक के काम के लिए पूरा दिन गुजारना पड़ता है। शाखा प्रबंधक सुरेंद्र दीक्षित से बात की गई तो उनका कहना था कि स्टाफ की कमी की बात उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। शीघ्र ही इस समस्या का निदान कर दिया जायेगा।

Leave a comment