उरई। दहेज हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी मे हो रही टालमटोल से परेशान मृतका के पिता ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी दिवंगत बेटी के ससुराल वाले मुकदमा खत्म कराने के लिए उसे धमका रहे हैं।
थाना चुर्खी के बघौरा निवासी दशरथ सिंह के मुताबिक चार वर्ष पहले उसकी लड़की राधा देवी की शादी कृष्णमुरारी पुत्र वीरसिंह निवासी चुर्खी के साथ हुई थी। विवाह के बाद एक पुत्र हो जाने पर भी अतिरिक्त दहेज के लिए राधा को उसके ससुराल वाले उत्पीड़ित करते रहे और इसी क्रम में उन्होंने 19 जून को दिनदहाड़े मारपीट के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
उसकी शिकायत पर 20 जून को पोस्टमार्टम के बाद ससुराल के लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया। आरोपियों में राधा का पति कृष्णमुरारी, सास सुंदरा और ससुर वीरसिंह शामिल हैं। पुलिस ने अभी तक उनकी गिरफ्तारी नही की है। पुलिस की ढिलाई से शह पाकर आरोपी उसे धमकी देने का दुस्साहस कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर समझौता न किया तो तुम्हें भी ठिकाने लगा देगें। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Leave a comment