जालौन-उरई। कुपोषण को दूर भगाने के लिए बच्चों को पोषाहार समय से वितरित किया जाये। हौसला पोषण योजना के तहत मिडडे मील में 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्र पर ही भोजन दिया जाये। यह निर्देश बाल विकास परियोजना अधिकारी अंकिता वर्मा ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की बैठक में दिये। इस दौरान सुपरवाइजर पुष्पा शर्मा को सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई दी गई।
बाल विकास अधिकारी अंकिता वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत पोषाहार का वितरण 5, 15 व 25 की निश्चित तारीखों में किया जाये। इस दौरान 7 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों, धात्री महिलाओं और गर्भवतियों के अलावा 11 वर्ष से 18 वर्ष की किशोरियों को पोषाहार वितरण के निर्देश हैं। 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को केंद्र पर ही ताजा मिडडे मील खिलवाने की व्यवस्था हौसला पोषण योजना के तहत की गई है। पुष्पा शर्मा के विदाई समारोह में उन्होंने उनकी सेवाओं की सराहना की। इस मौके पर सुपरवाइजर कामिनी देवी व राजकुमारी और आंगनवाड़ी सुमन गुबरेले, आराधना निरंजन, रेखा अवस्थी, सर्वेश कुमारी, मिथलेश आदि मौजूद रहीं।

Leave a comment