उरई। कालपी –मदारीपुर मार्ग पर रात में बाइक सवार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई । मंगलवार को खेतों पर पहुंचे लोगों ने शव देखा तब इसकी जानकारी हुई । मृत युवक अपने पिता की इकलौती संतान था ।

कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र के ओयना के निवासी शिव सिंह का इकलौता पुत्र नवनीत सिंह उर्फ गोलू कल रात लोहई में अपने नाना को छोड़ कर कालपी में मामा के पास जा रहा था । हर्रायपुर और बैरई के बीच वह अज्ञात कारण से दुर्घटनाग्रस्त हो कर बाइक समेत खेतों में जा गिरा । किसी की नजर में न आने से वह रात भर खेतों में ही पड़ा रहा जिससे उसके प्राणपखेरू उड़ गए । सुबह किसी राहगीर की नजर पड़ी तो उसने उसकी जेब से मोबाइल निकाल कर कॉल की लेकिन कॉल नहीं मिल सकी । बाद में उसने घर पहुंच कर मोबाइल में अपनी सिम डाली और कॉल की तो उसके परिजनों से बात हो गई ।  उसने बताया कि जिसका मोबाइल है उसकी लाश बैरई के पास पड़ी है । इतना सुन कर परिजनों में कोहराम मच गया । यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसे किसी वाहन ने  टक्कर मारी थी या सर्दी लग जाने के कारण उसकी मौत हुई ।

Leave a comment