उरई। लगभग 2 महीने पहले गुजरात के लिए गल्ला व्यापारी द्वारा लोड करायी गई लगभग 20 लाख रुपए मूल्य की तिली ले कर फरार हुए ट्रक ड्रायवर को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया । इस दौरान माल सहित ट्रक भी बरामद कर लिया गया है ।

पुलिस अधीक्षक डॉ अरविंद चतुर्वेदी ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि गत 3 नवम्बर को गल्ला व्यापारी प्रमोद कुमार गुप्ता ने लगभग 150 बोरा तिली औरैया की ट्रान्सपोर्ट कंपनी की मार्फत डीसा गुजरात के लिए लोड करायी थी लेकिन यह ट्रक रास्ते में ही लापता हो गया । जब काफी पड़ताल के बाद भी ट्रक का कोई सुराग नहीं मिला तो प्रमोद कुमार गुप्ता ने ट्रक ड्रायवर धीर सिंह निवासी देवगढ़ थाना पिनाहट जिला आगरा के ख़िलाफ़ 13 नवम्बर को उरई कोतवाली में अमानत में खयानत का मुक़दमा दर्ज करा दिया । इस मामले में उरई कोतवाली के सहयोग के लिए स्वाट टीम को भी जुटाया गया था । पुलिस की छानबीन के चलते आज जब ड्रायवर धीर सिंह यह माल बेचने के लिए ट्रक के साथ नवीन गल्ला मंडी में मौजूद था तभी उसे दबोच लिया गया । पुलिस अधीक्षक के मुताबिक ट्रक में 108 बोरा तिली भी बरामद कर ली गई है । शेष माल की रिकवरी के लिए प्रयास जारी हैं । पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र नाथ तिवारी भी उपस्थित थे ।

 

 

Leave a comment