उरई। कोंच कोतवाली क्षेत्र में एक सत्रह बर्षीय किशोरी  मंगलवार को नहर के तेज बहाव में डूब गई । सूचना पर एसडीएम और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गए और युवती की खोजबीन शुरू कर दी लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी जानकारी नहीं हो सकी थी। बताया गया है कि किशोरी अपनी मां के साथ खेत पर गई थी । इसी बीच वह हाथ पैर धोने के लिए नहर पर चली गई जहां उसके साथ हादसा हो गया ।

मंगलवार की सुबह लगभग दस बजे के आसपास कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पडऱी निवासी सत्रह बर्षीय किशोरी पूनम पुत्री साहब सिंह अपनी मां प्रभादेवी के साथ खेत पर गई थी। घर लौटते समय पूनम समीप ही बह रही नहर के पानी में  गुरावती पुल के पास हाथ पैर धोने लगी। इसी बीच अचानक उसका पैर फिसला और वह नहर के पानी में समा गई। तेज बहाव के कारण वह लापता हो गई। यह देख कर उसकी मां के होश उड़ गए और बचाव के लिए काफी चीखी चिल्लाई लेकिन उस वक्त वहां कोई नहीं था जो उसकी पुकार सुनता लिहाजा वह दौड़ती हुई घर पहुंची और वहां लोगों को घटना की जानकारी दी। आनन फानन वहां तमाम भीड़ जुट गई और किशोरी की तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलते ही एसडीएम गुलाब सिंह, कोतवाल संजयकुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे और सर्च ऑपरेशन चालू कर दिया था लेकिन समाचार लिखने तक पूनम का कोई पता नहीं लग सका था। पुलिस नहर में जाल डलवा रही है।

 

Leave a comment