डीएम समीर की पहल पर आयोजित हुआ विशेष भ्रमण कार्यक्रम, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को किया रवाना

जालौन। किसी के लिए यह बचपन की रोमांचक सैर थी तो किसी के लिए अपनों के साथ बिताए खुशनुमा पलों को फिर से जीने का अवसर। बच्चों की खिलखिलाहट और बुजुर्गों के चेहरों पर झलकती खुशी ने एक आत्मीय दृश्य प्रस्तुत किया। अवसर था वृद्धाश्रम में निवासरत दादा-दादियों और बच्चों के साथ कानपुर चिड़ियाघर भ्रमण का।

जिलाधिकारी समीर के निर्देशन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम को नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जब बच्चे वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के साथ एक ही वाहन में सैर के लिए निकले तो उनके चेहरों पर उत्साह और उमंग देखते ही बन रही थी।

बच्चों के लिए यह भ्रमण मनोरंजन और रोमांच से भरपूर अनुभव बनने जा रहा था, वहीं बुजुर्गों के लिए बच्चों के साथ समय बिताने, उनसे बातचीत करने और उनके स्नेह के बीच यादगार पल संजोने का अवसर था। इस पहल की खासियत यह रही कि इसमें उम्र का फासला कहीं नजर नहीं आया। बच्चों और बुजुर्गों के बीच दादा-दादी और पोते-पोतियों जैसा अपनापन दिखाई दिया।

बच्चों को बुजुर्गों का स्नेह, आशीर्वाद और जीवन के अनुभवों का साथ मिला तो बुजुर्गों के जीवन में बच्चों की हंसी-खुशी ने नई उमंग भरने का काम किया। यह आयोजन मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक सरोकारों की सुंदर मिसाल बना।

कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि बुजुर्गों को केवल देखभाल ही नहीं, बल्कि समय, सम्मान, अपनत्व और खुशियों की भी जरूरत होती है। उनके साथ बिताया गया हर खुशनुमा पल उनके जीवन में नई ऊर्जा और प्रसन्नता भर सकता है।

Leave a Reply