– जीआईसी सभागार में भाषाई सद्भावना एकता दिवस समारोह आयोजित, कवियों ने सुनाईं ओजपूर्ण रचनाएं

उरई (जालौन)। जिला एकीकरण समिति के तत्वावधान में शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) उरई के सभागार में कौमी एकता दिवस के तहत भाषाई सद्भावना एकता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी रहे, जबकि अध्यक्षता कवयित्री डॉ. माया सिंह माया ने की। कार्यक्रम का संयोजन लक्ष्मण दास बाबानी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम में कवियों और कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से धर्म, भाषा और वर्ग से ऊपर उठकर आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। कवि काशफी ने अपनी पंक्तियों के माध्यम से एकता और साथ चलने का आह्वान किया। कवयित्री शिखा गर्ग ने सुनाया, “धर्मों में नहीं बांटो, वर्गों में नहीं बांटो, आपस की मोहब्बत को तर्कों में नहीं बांटो।” उनकी रचना ने श्रोताओं को सामाजिक एकता का संदेश दिया।

कवयित्री डॉ. माया सिंह ने कहा, “यहां सभी धर्मों का आदर, मत बंधन की बात करो, मिलकर प्रेम एकता में, नव परिवर्तन की बात करो।” कवयित्री प्रिया श्रीवास्तव ‘दिव्यम’ ने कविता की महत्ता बताते हुए अपनी रचना प्रस्तुत की। वहीं कवयित्री इंदु विवेक उदैनिया ने सुनाया, “धर्म अलग हैं मान रहे हैं, मगर रक्त है एक ही जैसा, मन से जब मन मिलते हैं तो हर मजहब है अपने जैसा।”

कवि शत्रुघ्न सेंगर ने देशप्रेम और शांति का संदेश देते हुए कहा, “तेरा देश, मेरा देश, जान से भी प्यारा देश, सभी मिलकर चलें, दें शांति का संदेश।” शिरोमणि सोनी वीणा ने हिंदी भाषा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “हिंदी तो हिंदी है, अपनी भाषा है, हिंदी ही अपनेपन की परिभाषा है।” कवि सिद्धार्थ त्रिपाठी ने अपनी गजल की पंक्तियां सुनाकर वाहवाही बटोरी।

कार्यक्रम में प्रस्तुत रचनाओं के माध्यम से भाषाई विविधता के बीच एकता, आपसी सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। इस दौरान सभी कवियों एवं कवयित्रियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता स्वर्णकार ने किया। इस मौके पर शांतिस्वरूप महेश्वरी, महेंद्र भाटिया, डॉ. नरेश वर्मा, संतोष प्रजापति दद्दा, मिथिलेश नायक, कुलदीप गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply