डीएम समीर ने सेक्टर और पुलिस सेक्टर अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण, मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों पर नजर रखने के निर्देश
उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जालौन जिला निर्वाचन प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने या प्रलोभन देने वाले तत्वों पर नजर रखने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाओं के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इसी क्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी समीर की अध्यक्षता में जनपद के सभी सेक्टर और पुलिस सेक्टर अधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में वल्नरेबिलिटी मैपिंग और क्रिटिकल मतदेय स्थलों के चिह्नांकन पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों का संयुक्त भ्रमण करें और ऐसे व्यक्तियों तथा तत्वों की पहचान करें, जो मतदाताओं को डराने, धमकाने या किसी प्रकार का प्रलोभन देकर मतदान को प्रभावित कर सकते हैं। संवेदनशील क्षेत्रों की गोपनीय रिपोर्ट तैयार करने और चुनाव से संबंधित आवश्यक सूचनाओं को समय से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
मतदान केंद्रों पर सुविधाओं का होगा भौतिक सत्यापन
प्रशिक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर उपलब्ध न्यूनतम सुविधाओं की जांच करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को रैंप, पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी सुविधाओं का भौतिक सत्यापन करने तथा कमियों को दूर कराने पर जोर दिया गया।
प्रशासन का उद्देश्य मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाना है। अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर आवश्यक रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया।
ईवीएम-वीवीपैट का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के अंतिम चरण में अधिकारियों को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली, मॉक पोल तथा मत सत्यापन की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इससे चुनाव के दौरान मतदान संबंधी तकनीकी प्रक्रियाओं को सही तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की गई।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा राज्य स्तरीय प्रशिक्षक राघवेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।







Leave a Reply