डीएम समीर और एसपी सुरेश चन्द्र रावत ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को समयसीमा में निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश

कालपी (जालौन)। तहसील परिसर कालपी में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित 43 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष 38 प्रार्थना पत्रों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया।

समाधान दिवस में जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को उनके निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक जनशिकायत का मौका मुआयना कर निष्पक्ष तरीके से निस्तारण किया जाए। शिकायतों का समाधान निर्धारित समयसीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply